रोटरी क्लब देवास ने डॉक्टर्स और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का किया सम्मान,,
समाज की सेहत और देश की आर्थिक सेहत सुधारने वालों का हुआ अभिनंदनदेवास। रोटरी क्लब देवास द्वारा 1 जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर्स दिवस और राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के दोहरे गरिमामय अवसर पर शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों और सीए बंधुओं का विशेष अभिनंदन किया गया। क्लब ने एक ही दिन समाज की शारीरिक सेहत संभालने वाले डॉक्टरों और देश की आर्थिक सेहत मजबूत करने वाले सीए साथियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
आयोजन की जानकारी देते हुए रोटरी क्लब देवास के अध्यक्ष रोटेरियन सुधीर पंडित ने कहा कि डॉक्टर और सीए दोनों ही हमारे समाज के मजबूत स्तंभ हैं। जहाँ एक ओर डॉक्टर्स अपनी निस्वार्थ सेवा से मानव जीवन की रक्षा करते हैं, वहीं दूसरी ओर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश को वित्तीय अनुशासन देकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाते हैं। रोटरी परिवार इन दोनों ही क्षेत्रों के प्रोफेशनल्स के योगदान को सलाम करता है। क्लब के सचिव रोटेरियन सीए भरत विजयवर्गीय ने बताया कि इस विशेष सम्मान अभियान के तहत रोटरी की टीम ने डॉक्टरों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से मुलाकात कर उन्हें स्मृति चिह्न और गुलदस्ते भेंट किए। उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि रोटरी हमेशा समाज के गौरव और उत्कृष्ट कार्य करने वालों की सराहना के लिए तत्पर रहती है। इस गरिमामय अभियान में रोटरी क्लब देवास की ओर से रोटेरियन अमरजीत खनूजा, नवीन नाहर, हेमंत वर्मा, डॉ. सचिन नागर, सीए हिमांशु दुबे एवं डॉ. जितेंद्र कुशवाह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की।

0 Comments