नव निर्वाचित जिला अभिभाषक संघ ने ली शपथ, न्याय और जनसेवा के संकल्प के साथ संभाली जिम्मेदारी
देवास। जिला अभिभाषक संघ देवास के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह को कैलादेवी मंदिर के सामने स्थित डागा पैलेस में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में न्यायपालिका, प्रशासन एवं विधि जगत से जुड़े वरिष्ठ जनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान नव निर्वाचित अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों ने विधिवत शपथ ग्रहण कर न्याय, निष्पक्षता, संविधान के प्रति आस्था तथा अधिवक्ता हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व न्यायाधीश उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश माननीय सुभाष कांकड़े रहे। विशिष्ट अतिथियों में विशेष न्यायाधीश विकास शर्मा, सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, जिला अभिभाषक संघ इंदौर के अध्यक्ष रत्नेश पॉल, पूर्व जिला एवं प्रधान न्यायाधीश देवेंद्र सिंह सोलंकी, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, हाईकोर्ट अभिभाषक संघ इंदौर के अध्यक्ष मनीष यादव तथा जिला अभिभाषक संघ उज्जैन के अध्यक्ष ओम सारवान उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। सर्वप्रथम मां सरस्वती जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। तत्पश्चात अभिभाषक संघ अध्यक्ष राम प्रसाद सूर्यवंशी, सचिव चंद्रपाल सिंह सोलंकी छोटू, उपाध्यक्ष विशाल तिवारी, महिला उपाध्यक्ष जयंती पौराणिक, कोषाध्यक्ष गीता शर्मा, सह सचिव अशोक कुमार गुजराती, सहसचिव दीपिका सुनहरी, पुस्तकालय सचिव विजय सोनी, पुस्तकालय सचिव सरिता उपाध्याय आदि को पूर्व न्यायाधीश उच्च न्यायालय मध्यप्रदेश सुभाष कांकड़े ने विधिवत रूप से शपथ ग्रहण कराई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री कांकड़े ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। समाज में कानून के प्रति विश्वास बनाए रखने और पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने नव निर्वाचित टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की गरिमा और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने कहा कि अधिवक्ता समाज संविधान और लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिला अभिभाषक संघ वर्षों से उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करता आ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जो भी बेहतर सहयोग संभव होगा, वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की कुछ मांगें प्रशासन के संज्ञान में हैं और उनके निराकरण के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कलेक्टर कार्यालय परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने की उपयुक्त व्यवस्था किए जाने का आश्वासन भी दिया। कलेक्टर श्री सिंह ने उपस्थित सभी अधिवक्ताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि आप सभी समाजहित में बेहतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन ऐसे जरूरतमंद और गरीब लोगों के प्रकरण भी अपने हाथ में लें जो आर्थिक रूप से वकील की फीस देने में सक्षम नहीं हैं। उन्हें भी न्याय दिलाने में सहयोग करें और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करें। अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए नव निर्वाचित टीम को शुभकामनाएं दीं तथा जिला अभिभाषक संघ की एकजुटता, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन अधिवक्ता दीपक नाईक ने किया। स्वागत भाषण राजेंद्र बापट ने दिया। अंत में नव निर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान किया। अंत में आभार सचिव चंद्रपाल सिंह सोलंकी छोटू ने माना।

0 Comments