Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

अविवादित नामांतरण और बंटवारा के प्रकरणों का तय सीमा में निराकरण नहीं होने पर होगी कार्रवाई - कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह--------गर्भवती एएनसी पंजीयन कार्य में लापरवाही पर सोनकच्छ और खातेगांव बीएमओ को शोकाज नोटिस के दिए निर्देश---------सीएमओ हाटपीपल्या, करनावद और सतवास को दो-दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी शोकॉज नोटिस के दिए निर्देश --------कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित

अविवादित नामांतरण और बंटवारा के प्रकरणों का तय सीमा में निराकरण नहीं होने पर होगी कार्रवाई - कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह
--------
गर्भवती एएनसी पंजीयन कार्य में लापरवाही पर सोनकच्छ और खातेगांव बीएमओ को शोकाज नोटिस के दिए निर्देश
---------
सीएमओ हाटपीपल्या, करनावद और सतवास को दो-दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी शोकॉज नोटिस के दिए निर्देश 
--------
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
       देवास, 21 जुलाई 2026 [शकील कादरी] कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई।  बैठक में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की विकासखंडवार स्थिति की जांच की और पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान सोनकच्छ और खातेगांव क्षेत्र में एएनसी पंजीयन में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त कर कार्य में लापरवाही बरतने पर सोनकच्छ और खातेगांव के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर  को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
          कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में जहां कहीं पर भी बाल विवाह के मामले सामने आए हैं, वहां से संबंधित क्षेत्र की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए। बैठक में मॉडरेट एनीमिक गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने इस संबंध में शत-प्रतिशत प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनीमिक महिलाओं के स्वास्थ्य प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोनकच्छ क्षेत्र में इस कार्य में भी प्रगति नहीं पाए जाने पर कलेक्टर श्री सिंह ने सोनकच्छ बीएमओ को पुनः शोकाज नोटिस के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बीएमओ को सचेत किया कि यदि कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत जिले में ज्यादा से ज्यादा संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए, ताकि समय पर मरीजों की पहचान कर उनका इलाज शुरू किया जा सके।
          पोषण ट्रैकर ऐप पर बच्चों के पंजीयन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने टोंकखुर्द के सीडीपीओ को निलंबन संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।कलेक्टर श्री सिंह ने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी को भी निर्देशित किया कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर बच्चों के पंजीयन कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं दिखाई देती है, तो तत्काल निलंबन की वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
       कलेक्टर श्री सिंह ने लगातार कार्य में लापरवाही बरतने पर एनआरएलएम में कार्यरत पकंज ठाकुर को टर्मिनेशन संबंधी शोकाज नोटिस देने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में संचालित स्व सहायता समूहों के बैंक क्रेडिट लिंकेज की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंक लिंकेज की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्व सहायता समूहों के आवेदनों और ऋण स्वीकृति में आ रही तकनीकी दिक्कतों को तुरंत दूर किया जाए ताकि महिलाओं को समय पर आर्थिक लाभ मिल सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 181 स्व सहायता समूह की 711 महिलाओं को पशुपालन कार्य के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है।  
          कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में लंबित अविवादित सीमांकन और बंटवारा प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित राजस्व अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि एक सप्ताह में इन लंबित प्रकरणों का संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण और बंटवारा के प्रकरण किसी भी परिस्थिति में 45 दिनों की तय समय-सीमा से बाहर नहीं जाने चाहिए। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने पीएम किसान ईकेवाईसी की समीक्षा कर शत प्रतिशत किसानों की तीन दिन में ईकेवाईसी के निर्देश दिए। तीन दिन में ईकेवाईसी नहीं होने पर संबंधित तहसीलदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
        कलेक्टर  श्री सिंह ने निर्देश दिए कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम अंतर्गत तय समय सीमा के बाद लंबित  सभी प्रकरणों पर संबंधित उत्तरदायी अधिकारियों के विरुद्ध दण्ड की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निराकरण हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिए। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा  में पाया गया कि हाटपीपल्या, करनावद और सतवास नगरीय निकायों में लंबे समय से आवेदकों के प्रकरणों का निराकरण नहीं किया गया है। आवेदनों के निराकरण में अत्यधिक देरी और कार्य के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने हाटपीपल्या, करनावद और सतवास के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों की दो-दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
     कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिले में  जर्जर भवनों में स्कूल नहीं लगनी चाहिए, वैकल्पिक व्यवस्था करें। जर्जर भवनों में स्कूल लगाई जाती हैं तो संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई की जाएगी। कन्नौद तहसील के ग्राम पानीगांव में जर्जर भवन में स्कूल संचालन करने पर जिला शिक्षा अधिकारी को संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। देवास  में माताजी टेकरी पर संचालित रोपवे का संचालन वर्तमान बंद होने पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम देवास को निर्देश दिए कि रोपवे के संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्यवाही करें।
             बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंशु जावला, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियल यादव, एसीईओ जिला पंचायत श्री एस एस सिंह सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...