पौधारोपण के लिए पैसा नहीं, संकल्प चाहिए, ग्रीन आर्मी देवास ने शुरू किया ‘जीरो इन्वेस्टमेंट प्लांटेशन’ अभियान
देवास। पौधारोपण को आम नागरिकों की भागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से ग्रीन आर्मी देवास द्वारा रविवार को शंकरगढ़ हिल स्थित मिश्रित वाटिका में “जीरो इन्वेस्टमेंट प्लांटेशन” विषय पर एक विशेष कार्यशाला एवं सामुदायिक गतिविधि आयोजित की गई। ग्रीन आर्मी का मानना है कि वर्तमान समय में पौधारोपण कई बार महंगे पौधों, बड़े बजट और सीएसआर प्रोजेक्ट्स तक सीमित होकर रह जाता है। इससे आम नागरिकों के मन में यह धारणा बनती है कि हरियाली बढ़ाने के लिए बड़ी धनराशि आवश्यक है। इसी सोच को बदलने के लिए ग्रीन आर्मी ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पेड़ों की कटिंग से कम से कम खर्च में पौधारोपण और पौधे तैयार करने की तकनीक लोगों तक पहुँचाने की पहल की है। कार्यशाला में इंदौर से एडवेंचर वुमेन की टीम सहित देवास के अनेक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बरगद, पीपल, पारस पीपल और सप्तपर्णी सहित विभिन्न प्रजातियों की लगभग 200 से 300 कटिंग्स एकत्रित कर तैयार की गईं। कटिंग्स का आवश्यक उपचार करने के बाद उन्हें शंकरगढ़ क्षेत्र में रोपा गया। प्रतिभागियों को कटिंग तैयार करने, उनके उपचार और रोपण की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। ग्रीन आर्मी देवास ने इस गतिविधि को नियमित अभियान बनाने का निर्णय लिया है। अब प्रत्येक रविवार सुबह 7 बजे से 10 बजे तक शंकरगढ़ हिल पर यह सामुदायिक गतिविधि आयोजित की जाएगी, जिसमें नागरिक स्वयं भाग लेकर पौधारोपण की व्यावहारिक तकनीक सीख सकेंगे। ग्रीन आर्मी ने देवास के नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस अभियान से जुड़कर “पैसे के अभाव में पौधारोपण नहीं कर सकते” जैसी सोच को बदलें और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से शहर को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें।

0 Comments