वेदी शुद्धि एवं चैत्यालय शुभारंभ समारोह श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न
देवास। उज्जैन रोड स्थित इटावा में श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर चैत्यालय का वेदी शुद्धि एवं चैत्यालय शुभारंभ समारोह रविवार, 12 जुलाई 2026 को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम परम पूज्य मुनिश्री 108 भूतवली सागर जी महाराज के मंगलमय आशीर्वाद तथा मुनिश्री 108 मुनि सागर जी महाराज, एलक मंथन सागर जी महाराज, बाल ब्रह्मचारिणी मंजुला दीदीजी एवं पंडित श्री भागचंद जी जैन शास्त्री के पावन सान्निध्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। समारोह में संगीतकार श्री सचिन जैन (आष्टा) द्वारा भक्ति संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजीव जैन (अपर कलेक्टर, देवास) रहे। इस अवसर पर इंदौर, उज्जैन, आष्टा, सुसनेर, पिड़ावा, मोड़ी सहित विभिन्न नगरों से पधारे श्रद्धालुओं एवं सकल दिगंबर जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री चंद्रप्रभु का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, याग मंडल विधान एवं हवन संपन्न हुआ। श्रीजी की भव्य कलश यात्रा इटावा के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जो पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधानपूर्वक भगवान की प्रतिमा विराजमान कराई गई। समारोह के दौरान विभिन्न धार्मिक बोलियों में समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पुण्य अर्जित किया।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री पारस जैन ने स्वागत उद्बोधन दिया। सचिव श्री नवीन जैन ने सभी संतों, अतिथियों, समाजजनों, दानदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री महेंद्र जैन ने किया।
समारोह का समापन मंगलमय वातावरण एवं धर्मलाभ की भावनाओं के साथ हुआ।

0 Comments