देवास। माहेश्वरी समाज के देवास जिले के प्रादेशिक महासभा एवं अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा प्रतिनिधियों के चुनाव कांटाफोड़ में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ। माहेश्वरी समाज के मीडिया प्रभारी राजेंद्र मूंदड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा प्रतिनिधि के रूप में दिनेश बालकिशन भूतड़ा निर्वाचित हुए। वहीं प्रादेशिक महासभा प्रतिनिधि के पद पर कैलाश डागा निर्विरोध चुने गए। इसके अलावा देवास जिला सभा के चुनाव में मनोज बजाज को उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया। जिला सभा की कार्यसमिति में सुनील चांडक, अशोक सोमानी एवं अनिल रामेश्वर झंवर भी निर्विरोध सदस्य चुने गए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समाज में हर्ष का माहौल रहा। विजयी उम्मीदवारों का समाज अध्यक्ष दिनेश एम. भूतड़ा, सचिव प्रदीप साबू सहित समाजजनों एवं इष्ट मित्रों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। समाजजनों ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों से समाज के विकास, संगठन की मजबूती एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति देने की अपेक्षा व्यक्त की।

0 Comments