हिन्द फौज की एथलेटिक ट्रायल संपन्न, होनहार खिलाड़ियों का हुआ चयन
देवास। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहयोग से हिन्द फौज द्वारा आयोजित एथलेटिक ट्रायल का आयोजन गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में किया गया। ट्रायल में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 एवं अंडर-23 आयु वर्ग के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिन्द फौज कमांडर सीएसएम जितेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1000 मीटर, 5000 मीटर एवं 10000 मीटर दौड़ के साथ-साथ गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। उन्होंने बताया कि ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों को 25 जुलाई को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को हिन्द फौज प्रायोजित करेगी। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आने-जाने का किराया, भोजन, ठहरने की व्यवस्था तथा खेल किट भी हिन्द फौज द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम हिन्द फौज के संचालक कुमेर सिंह वर्मा एवं चन्द्रकांत जगताप तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के पम्मी मसकुले एवं जावेद पठान की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में हिन्द फौज की पुरुष एवं महिला इकाइयों ने सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान "नशे से दूरी है जरूरी" का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर हिन्द फौज संचालक सुरेश शर्मा, कुमेर सिंह वर्मा, दीपिका बोरीवाल, हिन्द फौज शिक्षा संचालक श्रीजा अग्रवाल एवं रवि अग्रवाल, हिन्द फौज रक्तदान संचालक सीमा गिरी एवं विकास गिरी, हिन्द फौज योग संचालक चन्द्रशेखर तिवारी एवं मीना तिवारी, हिन्द फौज एथलेटिक प्रशिक्षक संचालक ताशीन शेख, हिन्द फौज एथलेटिक संचालक सृजनिका लोखंडे, अजय दायमा एवं आरती दायमा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिन्द फौज सैनिक रीना पटेल ने किया।

0 Comments