अभिभाषक संघ ने चेम्बर बिल्डिंग संचालन समिति का किया गठन, अतुल कुमार पंडया बने अध्यक्ष
देवास। जिला अभिभाषक संघ देवास द्वारा चेम्बर धारकों की सुविधा एवं चेम्बर बिल्डिंग के सुव्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से जिला अभिभाषक संघ देवास चेम्बर बिल्डिंग संचालन समिति का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अधिवक्ता अतुल कुमार पंडया को सौंपी गई है। संघ अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी एवं सचिव चंद्रपाल सिंह सोलंकी (छोटू) द्वारा चेम्बर धारकों की बैठक में संघ की कार्यकारिणी एवं चेम्बर धारकों की समिति का गठन किया गया। बैठक में पवन रत्न तिवारी को सचिव नियुक्त किया गया, जबकि आनंद अधिकारी, जयंत विपट, चंचल सोनी, योगेश कुमार, राजेश जायसवाल, मुकेश रोईवाल, इरफान कुरैशी, श्वेतांक राज शुक्ला एवं विकास सूर्यवंशी को उपाध्यक्ष एवं समिति सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। अभिभाषक संघ के अनुसार, नवगठित समिति अब चेम्बर बिल्डिंग के निर्माण एवं रखरखाव, साफ-सफाई, अधिवक्ताओं से चेम्बर शुल्क संग्रहण तथा चेम्बरों के संचालन से जुड़े सभी कार्यों का दायित्व संभालेगी। साथ ही, जिन चेम्बर धारकों ने चेम्बर आवंटित होने के बावजूद उनका उपयोग नहीं किया है, उनके आवंटन निरस्त करने संबंधी प्रस्ताव समिति कार्यकारिणी के अनुमोदन के लिए भेज सकेगी। संघ ने समिति को चेम्बर बिल्डिंग संचालन के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए आवश्यक निर्णय लेने के पूर्ण अधिकार प्रदान किए हैं तथा आश्वस्त किया है कि अभिभाषक संघ की कार्यकारिणी समिति को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर अभिभाषक संघ उपाध्यक्ष विशाल तिवारी, कोषाध्यक्ष गीता शर्मा, सह सचिव अशोक कुमार गुजराती, पुस्तकालय सचिव विजय सोनी, सहित वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओ कार्यकारिणी ने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं समिति के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

0 Comments