सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने अधिकारियों को दिए योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में क्रियान्वयन के निर्देश
-------
देवास:सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं, निर्माण एवं विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सांसद श्री सोलंकी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जमीनी स्तर पर हुए कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्रस्तुत करें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने जिला अस्पताल में जन्म पंजीयन की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बैक को दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जिले में लाभान्वित नागरिकों की जानकारी ली । इस दौरान बताया गया कि जिले में आयुष्मान योजना के अंतर्गत 12 निजी अस्पताल एंपैनल्ड हैं। सांसद श्री सोलंकी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एमजी रोड देवास में जनता बैंक के पास सौंदर्यीकरण कार्य पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नल-जल योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवंटित कनेक्शनों एवं लाभार्थियों की विस्तृत जानकारी ली गई। इस दौरान बताया गया कि जिले में नेमावर खातेगांव-कन्नौद एवं पुंजापुरा समूह नल-जल योजना के कार्य प्रगतिरत हैं। सांसद श्री सोलंकी ने सभी प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित क्षेत्र के नागरिकों को जल्द से जल्द पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर ग्राम पंचायतों में हो रहे कार्यों की प्रगति की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा
सांसद श्री सोलंकी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना-1 के अंतर्गत 9,311 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 8,996 आवास पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के अंतर्गत 6,819 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,043 आवेदन पोर्टल पर स्वीकृत किए जा चुके हैं। नगरीय निकायों में कुल 14,445 आवास स्वीकृत हुए थे, जिनमें से 13,634 आवास पूर्ण हो चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2024-25 में 30,776 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 21,470 आवास पूर्ण हो चुके हैं। वर्ष 2025-26 में ग्रामीण क्षेत्रों में 6,817 आवास स्वीकृत किए गए हैं।
सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित मार्गों की समीक्षा करते हुए सांसद श्री सोलंकी ने निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की जमीनी स्तर पर कितनी प्रगति हुई है, इसकी वास्तविक स्थिति प्रस्तुत की जाए। एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत निर्मित तथा लंबित सड़कों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा हुई।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी ली गई। वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की भी जानकारी प्रस्तुत की गई। आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 8,400 स्व-सहायता समूह गठित किए गए हैं। इनके माध्यम से 10 लाख से अधिक महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं। समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
सिंचाई एवं जल संसाधन परियोजनाओं की समीक्षा
वॉटर रिसोर्स डेवलपमेंट के अंतर्गत नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय परियोजना की प्रगति की जानकारी ली गई। हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना तथा नर्मदा-कालीसिंध-चंबल परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद श्री सोलंकी ने योजनाओं में अब तक हुए कार्य, शेष कार्य तथा संभावित पूर्णता अवधि की विस्तृत जानकारी ली। नर्मदा-क्षिप्रा बहुउद्देशीय माइक्रो परियोजना, हाटपिपल्या माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना तथा पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना के अंतर्गत आवंटित राशि एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवंटित राशि एवं प्रगति की जानकारी भी ली गई।
सांसद निधि के कार्यों की समीक्षा
सांसद श्री सोलंकी ने सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश। नगर निगम क्षेत्र में सांसद निधि से स्वीकृत कार्य लंबित होने पर उन्होंने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि सांसद निधि से कुल 141 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 90 कार्य पूर्ण, 37 कार्य प्रगतिरत तथा 14 कार्य लंबित हैं।
बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत समीक्षा कर लाभान्वित किसानों की जानकारी ली। इस संबंध में सांसद श्री सोलंकी ने पात्र किसानों को जल्द से जल्द योजना का लाभ देने के लिए निर्देशित किया। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत आवंटित कनेक्शन एवं लाभार्थियों, प्रधानमंत्री बीमा योजना तथा किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत आवंटित राशि एवं लाभान्वित किसानों की विस्तृत जानकारी ली गई। पूर्व में आयोजित दिशा समिति की बैठक की कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह, डीएफओ श्री अमित सिंह, प्रभारी सीईओ जिला पंचायत श्री शोभाराम सोलंकी, खण्डवा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रतिनिधि श्री जय प्रकाश शर्मा, श्री भेरूलाल अटारिया, श्री बलराम चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, समिति के सदस्यगण एवं जिला तथा विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments