“मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के तहत देवास विकासखंड के ग्राम बरोठा में आयोजित हुआ शिविर
---------
शिविर में विधायक श्री मनोज चौधरी और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुन मौके पर किया निराकरण
देवास, 21 अगस्त 2026/ “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” के तहत देवास विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरोठा में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने नागरिकों से सीधे आवेदन लिए और उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया। जो समस्याएं तत्काल निराकरण नहीं हो सकी उन्हें सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर विकासखंड में आयोजित होने वाले आगामी शिविर के पहले निराकृत किया जाएगा। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय निगम विशेष रूप से शामिल हुए। शिविर के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर में हाटपीपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की प्रत्येक समस्या का समय-सीमा में निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने कामों के लिए दूर सरकारी कार्यालयों में नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि प्रशासन स्वयं गाँव और वार्ड स्तर तक पहुँचकर उनकी समस्याओं को सुलझा रहा है।
विधायक श्री चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं का संचालन कर रही है और सभी पात्र नागरिकों को इसका लाभ दिलाया जाएगा। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न विभागों के माध्यम से स्वरोजगार योजनाएं भी चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर युवा आत्मनिर्भर हो सकते हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार हर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला विकासखंडों और ग्रामों में पहुँच रहा है। आज अभियान के तहत बरोठा में शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन प्रकरणों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनकी समय सीमा तय कर निराकरण किया जाएगा।
शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी देने और आमजन को लाभान्वित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉल्स के माध्यम से नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर में नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।

0 Comments