संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने नेवरी में स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण
देवास : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, मूलभूत सुविधाओं और बच्चों की पढ़ाई के स्तर का बारीकी से जायजा लिया। संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह स्कूल की सभी कक्षाओं में पहुंचे और वहां मौजूद शिक्षकों व बच्चों से सीधी चर्चा की। उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं से पूछा कि शिक्षक समय पर आते हैं या नहीं और पढ़ाई ठीक से चल रही है या नहीं। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड से हो रही पढ़ाई और कंप्यूटर लैब में बच्चों को सिखाए जा रहे प्रैक्टिकल कार्यों की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने 12वीं के छात्र-छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों पर बात की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने जब शिक्षकों से उनके द्वारा पढ़ाए गए कोर्स की जानकारी ली, तो बताया गया कि जारी शिक्षण सत्र में सिलेबस काफी धीमी गति से पढ़ाया गया है। इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने नाराजगी व्यक्त करते हुए गणित के टीचर से सीधे जवाब-तलब किया। उन्होंने पूछा कि अभी तक इतना कम कोर्स क्यों कंप्लीट हुआ है? साथ ही उन्होंने स्कूल के पिछले वर्ष के 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम के कम प्रतिशत होने के कारणों की भी समीक्षा की।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने स्कूल में दर्ज कुल विद्यार्थियों और कार्यरत शिक्षकों की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल स्टाफ को कड़े निर्देश दिए कि सभी कक्षाएं पूरी तरह नियमित समय पर लगाई जाएं और बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाया जाए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे केवल पाठ्यक्रम पूरा न कराएं, बल्कि बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित भी करते रहें।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवरी का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त श्री सिंह ने उपस्थित डॉक्टर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान जानकारी ली कि सार्थक ऐप के माध्यम से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज हो रही है या नहीं। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र के कुल स्वीकृत पदों वर्तमान में कार्यरत स्टाफ की जानकारी ली।
संभाग आयुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी का निरीक्षण किया। केंद्र पर मिलने वाली आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा की। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को समय पर बेहतर इलाज मिलना चाहिए और ओपीडी सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य केंद्र का मुआयना करते हुए उन्होंने वहां इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों से सीधी चर्चा भी की।

0 Comments