10 किलो के फाइबर एलपीजी सिलेंडर की प्री-लॉन्चिंग,,
विधायक गायत्री राजे पंवार ने प्रथम उपभोक्ता के रूप में किया शुभारंभ, पारदर्शी सिलेंडर से आसानी से दिखेगी गैस की मात्रा
देवास। एलपीजी उपभोक्ताओं की सुविधा और बेहतर सेवा को ध्यान में रखते हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम द्वारा 10 किलोग्राम क्षमता का आधुनिक फाइबर एलपीजी सिलेंडर बाजार में उतारा गया है। देवास में इस नए सिलेंडर की प्री-लॉन्चिंग देवास विधायक एवं राजमाता श्रीमंत गायत्री राजे पंवार द्वारा की गई। उन्होंने प्रथम उपभोक्ता के रूप में नए फाइबर सिलेंडर का शुभारंभ किया। गैस एजेंसी संचालक मनीष सोलंकी ने बताया कि नया 10 किलोग्राम फाइबर एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसकी सबसे प्रमुख विशेषता इसका पारदर्शी होना है, जिससे उपभोक्ता सिलेंडर में उपलब्ध गैस की मात्रा को आसानी से देख सकेंगे। इससे गैस की शेष मात्रा को लेकर होने वाली परेशानी से भी उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से सिलेंडर बुक कर सकेंगे। ऑनलाइन ऑर्डर के बाद लगभग 30 मिनट में होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी बताई गई है। इससे विशेष रूप से ऐसे उपभोक्ताओं को सुविधा मिलेगी, जिन्हें तत्काल गैस सिलेंडर की आवश्यकता होती है। देवास में नए फाइबर एलपीजी सिलेंडर की शुरुआत को उपभोक्ता सुविधा, पारदर्शिता और आधुनिक गैस वितरण व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की इस पहल से उपभोक्ताओं को पारंपरिक सिलेंडर की तुलना में सुविधाजनक और आधुनिक विकल्प उपलब्ध होगा।

0 Comments