Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

विवाह में कुंडली के साथ स्वास्थ्य पहलुओं पर भी दें ध्यान, ‘एका पेक्षा एक’ ने गुदगुदायामहाराष्ट्र समाज के गणेशोत्सव में ‘मेडिकल कुंडली’ और 13 पात्रों की एकपात्रीय हास्य प्रस्तुति ने बांधा समां

विवाह में कुंडली के साथ स्वास्थ्य पहलुओं पर भी दें ध्यान, ‘एका पेक्षा एक’ ने गुदगुदाया

महाराष्ट्र समाज के गणेशोत्सव में ‘मेडिकल कुंडली’ और 13 पात्रों की एकपात्रीय हास्य प्रस्तुति ने बांधा समां
देवास। महाराष्ट्र समाज देवास के 11 दिवसीय गणेशोत्सव के अंतर्गत बुधवार को राजकवि झोकरकर सभागृह में ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रथम चरण में इंदौर की डॉ. शिल्पा जोग ने ‘मेडिकल कुंडली’ विषय पर जानकारी दी। इसके बाद पुणे की मृदुला मोघे ने ‘एका पेक्षा एक’ एकपात्रीय हास्य प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब गुदगुदाया। ‘मेडिकल कुंडली’ कार्यक्रम में डॉ. शिल्पा जोग ने विवाह से जुड़ी विभिन्न पारंपरिक मान्यताओं के साथ स्वास्थ्य एवं वैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने विवाह में आने वाली समस्याओं, ग्रह दशा, अनुवांशिक बीमारियों, रक्त समूह, नाड़ी दोष, सगोत्र विवाह, अंतरजातीय विवाह, एक नाड़ी, एक गोत्र, एक राशि तथा समान रक्त समूह से जुड़े विषयों पर जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों की शंकाओं का समाधान किया। समाज प्रवक्ता अमित बागलीकर ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉ. जोग ने मांगलिक वर-वधू को लेकर बनी धारणाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के मांगलिक होने के कारण उसे विवाह के लिए नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने जीवनसाथी के चयन में पारंपरिक मान्यताओं के साथ स्वास्थ्य एवं अनुवांशिक पहलुओं को भी समझने की आवश्यकता बताई। इसके बाद पुणे की मृदुला मोघे ने अपनी एकपात्रीय प्रस्तुति ‘एका पेक्षा एक’ में 13 अलग-अलग पात्रों को मंच पर साकार किया। कामगार महिला के राजनेता बनने के बाद दिए गए भाषण, नाटक की नायिका के अभिनय के दौरान बार-बार आने वाले फोन, मुंबई लोकल में अलग-अलग स्थानों पर बैठी चार सहेलियों की इशारों में बातचीत जैसे प्रसंगों ने दर्शकों को खूब हंसाया। 85 वर्षीय वृद्धा का ज्योतिषी के पास पत्रिका बनवाने का प्रसंग और सास-बहू के संवाद को भी दर्शकों ने खूब सराहा। एकल अभिनय में मृदुला मोघे ने अलग-अलग पात्रों की आवाज, संवाद एवं भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रस्तुति को प्रभावी बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। डॉ. शिल्पा जोग एवं मृदुला मोघे ने दीप प्रज्ज्वलित किया। अतिथियों का स्वागत एवं समाज का प्रतीक चिन्ह महिला उपाध्यक्ष वृषाली आपटे, सुपर्णा मनोहर, भालचंद्र बकोरे एवं नचिकेत मनोहर ने प्रदान किया। बृहन्महाराष्ट्र मंडल, नई दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष मिलिंद महाजन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत उपाध्यक्ष मंदार मुळे एवं गिरीश कुलकर्णी ने किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रेरणा दीवान ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन समाज अध्यक्ष दीपक कर्पे ने किया।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...