प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से आरंभ होगा सेवा संकल्प अभियान
-------------
जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
----------
अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
देवास, 02 सितंबर 2026/ राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा को लेकर कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम, नगरीय निकायों और जिला पंचायत को अभियान के संबंध में शैड्यूल बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तर और ग्रामीण स्तर पर आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 17 सितंबर को शाम 07 बजे जिला स्तर पर 25 हजार दिए जलाए जाएंगे और जनपद स्तर पर 2500-2500 दिए जलाए जाएंगे। अभियान के तहत नदियों एवं जलाशयों की सफाई की जाएगी और कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ वितरित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों की प्रदर्शनी स्कूलों में लगाई जाएगी। उत्कृष्ट चित्रकला एवं प्रभावी भाषण प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस गतिविधि के लिए स्कूल शिक्षा विभाग नोडल विभाग रहेगा।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सेवा की गाथा एवं सेवा भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न समूहों का गठन किया जाएगा। इस गतिविधि में संस्कृति एवं सामाजिक न्याय विभाग नोडल विभाग रहेंगे। शेड्यूल बनाकर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन जिले में करें।
अभियान के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ‘आंगन उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसमें बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों में धात्री एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष संवाद कार्यक्रम तथा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महिला एवं बाल विकास विभाग नोडल तथा स्वास्थ्य विभाग सहयोगी विभाग रहेगा।
अभियान के अंतर्गत जिले में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने यात्रा की सम्पूर्ण व्यवस्थाओं एवं रूट चार्ट तैयार करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा जिसमें कलेक्टर श्री सिंह ने समाज के सभी वर्गों के नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान जिले में स्वच्छता, विकास एवं सौंदर्यीकरण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नदियों, जलाशयों एवं उनके घाटों की विशेष सफाई की जाएगी। नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के साथ किया जाएगा। नागरिकों एवं युवाओं को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। नागरिक अपने सेवा कार्यों के वीडियो एवं अनुभव शासकीय पोर्टल्स पर साझा कर सकेंगे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिले के सभी शासकीय चिकित्सालयों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में सघन स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन सहित संबंधित विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे।

0 Comments