देवास में 17 सितंबर को होगा भव्य ड्रोन शो: आसमान में चमकेगा "विकसित भारत@2047" का संकल्प
--------
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस पर पुलिस परेड ग्राउण्ड में होगा 30 मिनट का विशेष आयोजन
-------
20 से अधिक विहंगम आकृतियों के माध्यम से दिखेगी विकास यात्रा, हज़ारों नागरिक बनेंगे ऐतिहासिक क्षण के साक्षी
देवास: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 17 सितंबर को देवास के आसमान में अत्याधुनिक तकनीक और कलात्मकता का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। पुलिस परेड ग्राउण्ड (डी.आर.पी. लाइन्स) में रात 8 बजे से 8:30 बजे तक एक भव्य और विहंगम ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है। लगभग 30 मिनट की अवधि वाले इस शो के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के "सेवा, सुशासन तथा विकसित भारत@2047" के विजन एवं संकल्प को रोशनी के अद्भुत समन्वय के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
रोशनी से उकेरी जाएंगी 20 आकर्षक कलाकृतियां
कार्यक्रम के दौरान आधुनिक ड्रोनों के समन्वय से आकाश में लगभग 20 अलग-अलग प्रकार की मनमोहक व भव्य 3D आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें भारत की ऐतिहासिक विकास यात्रा, 'आत्मनिर्भर भारत', 'डिजिटल इंडिया', 'महिला सशक्तिकरण', 'युवा शक्ति', 'स्वच्छ भारत अभियान' और 'पर्यावरण संरक्षण' जैसे प्रमुख विषयों को कलात्मक ढंग से दर्शाया जाएगा। इसके साथ ही, कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प की झलक भी आसमान में जगमगाएगी।
मध्यप्रदेश और देवास की उपलब्धियों का भी होगा प्रदर्शन
राष्ट्रीय फलक के साथ-साथ इस ड्रोन शो में मध्यप्रदेश राज्य एवं देवास जिले की प्रमुख उपलब्धियों, स्थानीय गौरव और विकास की सकारात्मक दिशा को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। देवास शहर में पहली बार आयोजित हो रहे इस प्रकार के हाई-टेक विजुअल शो को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह है। देवास शहर के हजारों नागरिक इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता कर साक्षी बनेंगे।

0 Comments