कृपालु के बप्पा के दरबार में पुलिस अधीक्षक ने की आरती, ऑपरेशन त्रिनेत्रम की तर्ज पर सुरक्षा व्यवस्था भी देखी,,
20 से अधिक सीसीटीवी कैमरे देखकर एसपी पुनीत गेहलोद ने की सराहना, संगीतमय आरती के बाद श्रद्धालुओं को परोसी प्रसादी
देवास। संस्था कृपालु परिवार द्वारा चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर में आयोजित गणेशोत्सव के छठवें दिन भक्ति, सेवा और सुरक्षा का संगम देखने को मिला। इस अवसर पर कृपालु के बप्पा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। भगवान श्री गणेश की संगीतमय आरती पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश की आरती कर बप्पा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान राजपूत समाज के भारत सिंह पटलावदा, तंवरसिंह चौहान, नरेंद्रसिंह राजपूत, अनिलराज सिंह सिकरवार, गंगासिंह सोलंकी, राजकुमार सिंह ठाकुर, डॉ. अश्विन सोनगरा, कीर्तिराज बना, सुरेंद्र सिंह गौड़, तूफान सिंह, अनिल सिंह ठाकुर, परमार शत्रुंजय बना सहित राजपूत समाज के अनेक समाजजन उपस्थित रहे।
आरती के दौरान पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। बप्पा को विभिन्न व्यंजनों से सजे छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित किया गया।
आरती के बाद एसपी पुनीत गेहलोद ने संस्था की भोजनशाला और गणेश पंडाल का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन प्रसादी तैयार करने से लेकर श्रद्धालुओं को परोसने तक की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसपी ने पंडाल में सुरक्षा के लिए लगाए गए 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का भी जायजा लिया। देवास पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्रम की भावना के अनुरूप संस्था कृपालु परिवार ने भी अपने गणेश पंडाल में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की है। कैमरों के माध्यम से पंडाल एवं परिसर के अलग-अलग हिस्सों पर निगरानी रखी जा रही है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए संस्था द्वारा सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। एसपी पुनीत गेहलोद ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा की दृष्टि से इस प्रकार की व्यवस्था उपयोगी है। पुलिस अधीक्षक ने संस्था कृपालु परिवार के संयोजक सुमेर सिंह दरबार को बेहतर व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों के लिए बधाई दी। गणेशोत्सव के दौरान संगीतमय आरती के बाद श्रद्धालुओं को छप्पन भोग का प्रसाद एवं भोजन प्रसादी परोसी गई। संस्था द्वारा ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव के साथ प्रतिदिन आरती एवं भोजन प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है।भक्ति, सेवा और सुरक्षा के संदेश के साथ कृपालु के बप्पा का गणेशोत्सव जारी है।उक्त जानकारी अखिलेश पवार ने दी।

0 Comments