Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

सेवा संकल्‍प अभियान,, 25 हजार से अधिक दीपों से लिखा 'वंदे मातरम', 250 ड्रोन से बनी 20 से अधिक की आकृतियां,,उप-मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कार्यक्रम में की सहभागिता,,आकर्षक ड्रोन आकृतियों, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

सेवा संकल्‍प अभियान
25 हजार से अधिक दीपों से लिखा 'वंदे मातरम', 250 ड्रोन से बनी 20 से अधिक की आकृतियां*
-----------
उप-मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कार्यक्रम में की सहभागिता
-----------
आकर्षक ड्रोन आकृतियों, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
देवास: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का देवास जिले में भव्य शुभारंभ हुआ। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा शामिल हुए। शाम 7 बजे आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, नागरिकों तथा अधिकारी-कर्मचारियों ने जनभागीदारी के साथ 25 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए। हजारों दीपों की रोशनी से पुलिस परेड ग्राउंड जगमगा उठा। सामूहिक दीप प्रज्वलन ने सेवा, संकल्प और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया। इस दौरान देश भक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

 ड्रोन शो में दिखी विकसित भारत की संकल्प यात्रा

दीप प्रज्वलन के बाद भव्य ड्रोन शो आयोजित किया गया। ड्रोनों के माध्यम से आकाश में आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की गईं। ड्रोन के जरिए देवी माता, बाबा महाकाल, भारत का नक्शा और प्रधानमंत्री श्री मोदी की आकृतियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मध्य प्रदेश का नक्शा और विकास गाथा को प्रदर्शित किया गया।
ड्रोन शो में भारत की ऐतिहासिक विकास यात्रा के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘डिजिटल इंडिया’, महिला सशक्तिकरण, युवा शक्ति और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प की झलक भी आसमान में दिखाई दी। ड्रोन शो में राष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ मध्यप्रदेश एवं देवास जिले की प्रमुख उपलब्धियों, स्थानीय गौरव और विकास की सकारात्मक दिशा को भी प्रदर्शित किया गया। हाई-टेक विजुअल शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे और भव्य आयोजन के साक्षी बने।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि देवास में अभियान के शुभारंभ अवसर पर बेहद सराहनीय और अच्छा कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी गरीब कल्याण और उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार ने स्वामित्व योजना के तहत लाखों नागरिकों को उनके अपने घर और भूमि का मालिकाना हक दिया है। उन्होंने घोषणा की कि स्वामित्व योजना के तहत नागरिकों की निःशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी।

सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि आज केंद्र और प्रदेश की सरकारें मिलकर एक विकसित भारत के निर्माण के लिए दिन-रात कार्य कर रही हैं। वर्ष 2047 तक हम निश्चित रूप से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि आज हम जो दीपक जला रहे हैं, वह केवल रोशनी नहीं बल्कि जनता के आशीर्वाद और अटूट विश्वास का दिया है।

हाटपिपल्या विधायक श्री मनोज चौधरी ने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता जरूरी है। श्री राय सिंह सेंधव ने भी नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज आशीर्वाद का जो दिया जलाया गया है, उसकी सार्थकता तभी है जब सभी नागरिक महीने भर चलने वाले इस सेवा संकल्प में सहभागी बनें।

कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने  अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज जिला स्तर पर 25 हजार से अधिक और संपूर्ण जिले में एक साथ 05 लाख से अधिक दीपक जलाए गए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि यह अभियान पूरे एक महीने तक चलाया जाएगा, जिसके तहत जनहित और विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने बताया कि आज शुभारंभ के पावन अवसर पर जिलेभर में वृहद रक्तदान शिविरों का भी सफल आयोजन किया गया है।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, श्री राजेश यादव, श्री भेरूलाल अटारिया, श्री बहादुर मुकाती, सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि, कलेक्‍टर श्री ऋतु राज सिंह, पुलीस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद, एमडी जल निगम श्री केवीएस चौधरी, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत धुर्वे नगर निगम आयुक्‍त श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्‍टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्‍टर श्री संजीव जैन सहित अन्य अधिकारीगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...