कृपालु के बप्पा के दरबार में भक्ति के साथ गूंजे भारत माता के जयकारे
सेवानिवृत्त फौजी भाइयों ने की बप्पा की आरती, जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों श्रद्धालु हुए शामिल
देवास। चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर में संस्था कृपालु परिवार द्वारा आयोजित कृपालु के बप्पा गणेशोत्सव के द्वितीय वर्ष के दूसरे दिन गणपति आरती में भक्ति के साथ देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। देश की सरहदों पर सेवा दे चुके सेवानिवृत्त फौजी भाइयों ने बप्पा की आरती में शामिल होकर भगवान श्री गणेश की आराधना की। आरती में फौजी भाइयों के साथ जनप्रतिनिधि एल्डरमैन अर्जुन चौधरी, प्रदेश मंत्री संजय दायमा, भाजपा नेता मनीष पनवार, पार्षद राजा अकोदिया, मंडल महामंत्री दुर्गेश चिल्लोरिया, मंडल उपाध्यक्ष प्रभात कल्याणे, पूर्व प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा दीपक बैरागी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने भगवान कृपालु के बप्पा की आरती कर सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आरती के पश्चात सेवानिवृत्त सैनिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के जयकारे लगाए। देशभक्ति गीतों के बीच सैनिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बप्पा के दरबार में भक्ति और देशभक्ति के इस संगम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त फौजी भाइयों ने संस्था कृपालु परिवार के संयोजक सुमेर सिंह दरबार एवं पूरी टीम द्वारा आयोजित गणेशोत्सव की सराहना की। उन्होंने कहा कि बप्पा की आरती करने और भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। संस्था कृपालु परिवार के संयोजक सुमेर सिंह दरबार ने बताया कि गणेशोत्सव के 11 दिनों तक भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, आरती और विभिन्न धार्मिक एवं सेवा कार्य आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बप्पा के दर्शन कर आरती में शामिल हो रहे हैं और भोजन प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। आरती के बाद श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं फौजी भाइयों ने भोजन प्रसादी ग्रहण की और सेवा कार्य में सहभागिता की। उक्त जानकारी अखिलेश पवार ने दी।

0 Comments