देवास। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत हाटपीपल्या जिले की 10वीं ऐसी नगर परिषद बन गई है जो पूर्णतः सीसीटीवी निगरानी से लैस हो गई है। कस्बे के 30 प्रमुख स्थानों पर लगभग 16 लाख की लागत से 132 कैमरे लगाए गए हैं।
ये कैमरे पटेलपुरा, शीतला माता चौराहा, लक्ष्मीनारायण मंदिर, पाटीदार छात्रावास, राजेंद्र नगर आईआईटी महाविद्यालय, पवन हार्डवेयर, शेरवानी मस्जिद, इंदिरा कॉलोनी, अंडा गली, कन्या शाला विद्यालय, वर्धमान अस्पताल, देवगढ़ चौराहा, मंडी द्वार, अम्बेडकर चौक, मुथूट फाइनेंस, राजावत चौराहा, बजरंग चौराहा, टंकीपुरा, मिशन अस्पताल लाल गेट, मोचीपुरा, नरसिंह घाट, जाट मोहल्ला, गांधी चौक, मुखर्जी चौक, जोशीपुरा, नीम चौक, बागरी मोहल्ला, मालवा मटन चौक और थाना द्वार सहित अन्य स्थानों पर लगे हैं।
आयुक्त उज्जैन श्री आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री राकेश गुप्ता, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन, जिलाधिकारी श्री ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान जनसहयोगियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरनारायण बाथम, अनुविभागीय अधिकारी बागली श्री संजय सिंह बैंस और उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती बबीता बामनिया भी मौजूद रहीं।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव की मंशा और पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में 1 नवंबर 2024 से "ऑपरेशन त्रिनेत्रम - एक कैमरा जिले की सुरक्षा के नाम" चलाया जा रहा है। अब तक 5.41 करोड़ से अधिक लागत के 11,822 कैमरे लग चुके हैं, जिसमें 54 ग्राम पंचायतें और 10 नगर परिषदें पूर्णतः कवर हो चुकी हैं।
ऑपरेशन के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। वर्ष 2025 में संपत्ति अपराधों में 6.12 करोड़ की 77% बरामदगी हुई, जो 2024 के 62% से 15% अधिक है। वहीं 2026 में कुल संपत्ति अपराधों में 17%, नकबजनी में 22%, वाहन चोरी में 30% और कार चोरी में 38% की कमी आई है।

0 Comments