साईनाथ मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल के तीन खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में बनाया स्थान
देवास। साईनाथ मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों रेहान खान, शोएब शेख एवं रहमान खान ने आगामी अंतरराष्ट्रीय पिट्टू प्रतियोगिता के चयन ट्रायल में अपना स्थान बनाया है।
देवास जिला पिट्टू संघ के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तरीय पिट्टू सिलेक्शन ट्रायल का आयोजन 20 सितंबर 2026 को श्रीमंत तुकोजीराव पवार स्टेडियम, देवास में किया गया। इसमें जिले के 11 विद्यालयों के लगभग 140 बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगामी अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया।
साईनाथ मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल के रेहान खान, शोएब शेख एवं रहमान खान ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर आगामी अंतरराष्ट्रीय चयन ट्रायल में स्थान बनाया। अब तीनों खिलाड़ी 27 सितंबर 2026 को इंदौर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय स्तर के चयन ट्रायल में भाग लेंगे।
इस चयन ट्रायल में दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान एवं महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी शामिल होंगे। चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय पिट्टू प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक शकील कादरी ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मिश्कात शकील ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने तीनों खिलाड़ियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए आगामी चयन ट्रायल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उक्त जानकारी विद्यालय कोच शिव प्रजापत ने दी ।

0 Comments