उद्योगपतियों एवं स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों से हुआ उद्योग संवाद
-------
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह एवं एसपी श्री पुनीत गेहलोद की उपस्थिति में उद्योगों से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों पर हुई चर्चा
देवास:"मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान" के तहत खातेगांव के ग्राम हरणगांव में उद्योगपतियों एवं स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों के साथ "उद्योग-संवाद" का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि इस संवाद के जरिए का हर प्रकार के उद्योगों को बढ़ाने में मदद करना है। उद्योगों के विस्तार और स्थानीय नागरिकों को स्व-रोजगार के लिए प्रेरित करने के लिए उद्यमियों को आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। उद्योग संवाद में क्षेत्र के विकास, नए निवेश को प्रोत्साहन देने और स्थानीय स्तर पर उद्योगों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उद्योग संवाद के दौरान उद्यमियों ने उद्योग संचालन, बुनियादी ढाँचे और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, आवश्यकताओं तथा सुझावों को प्रमुखता से सामने रखा। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि क्षेत्र के उद्योगपतियों को व्यापार संचालन या उद्योग स्थापना में जो भी समस्याएं आ रही हैं, वो सीधे प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकते हैं। प्राप्त सभी समस्याओं और सुझावों का समय सीमा में निराकरण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने स्व-सहायता समूहों की महिला उद्यमियों से सीधे चर्चा की और उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बहुत अच्छा कार्य किया जा रहा है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को उद्योग संबंधी गतिविधियों को बढ़ाने और नए स्टार्टअप शुरू करने के लिए आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान उद्यमियों और महिला उद्यमियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। उद्यमियों द्वारा उद्योग विस्तार करने एवं अपनी समस्याएं बताई। जिसपर कलेक्टर श्री सिंह ने उद्योग विस्तार के लिए संबंधित अधिकारियों को ऋण उपलब्ध कराने संबंधित व्यवस्थाएं सुलभ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गहलोद, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण, क्षेत्र के उद्यमी एवं स्व-सहायता समूह की लखपति दीदी उपस्थित थी।

0 Comments