तीज व्रत उद्यापन में उमड़ी समाज की मातृशक्ति, वरिष्ठजनों व प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
देवास। श्री गुजराती रामी माली समाज, देवास के तत्वावधान में सोमवार को 300 महिलाओं का सामूहिक तीज व्रत उद्यापन कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज की माताओं-बहनों एवं समाजबंधुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्री गुजराती रामी माली धर्मशाला, मालीपुरा से निकली भव्य शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा मीठा तालाब की ओर प्रस्थान कर धार्मिक आयोजन में परिवर्तित हुई, जहां विधि-विधान एवं श्रद्धापूर्वक तीज व्रत का सामूहिक उद्यापन संपन्न कराया गया। 300 महिलाओं द्वारा एक साथ उद्यापन किए जाने से आयोजन का वातावरण भक्तिमय हो गया। विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे श्री गुजराती रामी माली समाज धर्मशाला, ज्योतिबा फुले चौराहा, मालीपुरा में भोजन प्रसादी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। पार्षद अजय पड़ियार ने बताया कि समाज द्वारा सामूहिक तीज व्रत उद्यापन का आयोजन सामाजिक एकता, धार्मिक परंपराओं और महिला सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। आयोजन में पड़ियार परिवार द्वारा भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई, जो समाज के वरिष्ठ कैलाश चंद पड़ियार के सौजन्य से उनके पूर्वज स्व. श्री पन्नालालजी पड़ियार, स्व. श्रीमती गंगाबाई पड़ियार, स्व. श्री सत्यानारायणजी पड़ियार एवं स्व. श्री बाबूलालजी पड़ियार की स्मृति में रखी गई। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

0 Comments