कृपालु के बप्पा के दरबार में मालवा के स्वाद के साथ राजस्थानी बर्फी का आनंद ,,
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने की बप्पा की आरती, श्रद्धालुओं को परोसी भोजन प्रसादी, नशामुक्ति का दिया संदेश
देवास। चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर में विराजे कृपालु के बप्पा के दरबार में गणेश उत्सव के सातवें दिन धार्मिक आयोजन के साथ भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री एवं कृपालु के बप्पा के संरक्षक कैलाश विजयवर्गीय रात करीब 8.15 बजे पंडाल पहुंचे। संस्था कृपालु के संयोजक सुमेरसिंह दरबार एवं सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कैलाश विजयवर्गीय ने भगवान कृपालु के बप्पा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भव्य संगीतमय आरती की। आरती के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं को स्वयं भोजन प्रसादी परोसी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। सातवें दिन की भोजन प्रसादी में मालवा के पारंपरिक स्वाद के साथ राजस्थानी मिठास का भी संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं को पूरी, सब्जी, पुलाव और पापड़ के साथ राजस्थानी बर्फी परोसी गई। भोजन के बाद श्रद्धालुओं ने राजस्थानी बर्फी का स्वाद भी लिया। मालवा की भोजन परंपरा के बीच राजस्थानी मिठाई ने प्रसादी के स्वाद को अलग पहचान दी। इस अवसर पर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि गणेश उत्सव केवल पूजा-अर्चना और आरती तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सकारात्मक संदेश देने का माध्यम भी हैं। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों से धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नशामुक्ति के लिए जनजागरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोगों से कल से ही संकल्प पत्र भरवाकर यह संकल्प लिया जाए कि वे स्वयं नशा नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। कैलाश विजयवर्गीय ने कन्यादान, शिक्षादान और अन्नदान को महत्वपूर्ण बताते हुए जरूरतमंदों की सेवा करने की बात कही। उन्होंने संस्था कृपालु द्वारा गणेश उत्सव के दौरान किए जा रहे भोजन प्रसादी सहित नर सेवा ही नारायण सेवा जैसे विभिन्न सेवा कार्यों की सराहना की।
करीब एक घंटे तक कृपालु के बप्पा के पंडाल में मौजूद रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भगवान गणेश के समक्ष “ॐ गं गणपतये नमः, सिद्धि विनायक नमो नमः” भजन भी गाया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, उद्योगपति विनोद निमाड़िया, दैनिक भास्कर के रीजनल हेड आशीष चौहान, भाजपा नेता मनीष पनवार, जुगनू गौस्वामी, व्यापारी शशिकांत वर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित बागलीकर ने किया। आरती के बाद शुरू हुआ भोजन प्रसादी वितरण देर रात तक चलता रहा। उक्त जानकारी संस्था कृपालु के अखिलेश पवार द्वारा दी गई।

0 Comments