श्री राम भक्त परिवार की अनूठी पहल, लोटस हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन
“सेवा से स्वास्थ्य, स्वास्थ्य से सशक्त समाज”
देवास। जनसेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता को समर्पित श्री राम भक्त परिवार द्वारा डॉ. आकाश प्रताप सिंह जी के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में, लोटस हॉस्पिटल, इंदौर के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जनसेवा को जोड़ते हुए आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया। लोटस हॉस्पिटल, इंदौर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। डॉ. आकाश प्रताप सिंह जी ने चिकित्सा टीम एवं आमजन के बीच समन्वय स्थापित करते हुए शिविर की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. आकाश प्रताप सिंह ने कहा कि “स्वास्थ्य सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जाएं।” इस अवसर पर श्री राम भक्त परिवार के संस्थापक इंजी. यतिश श्रीवास्तव एवं अध्यक्ष श्री तुषार तिवारी सहित संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिविर में देवास विधायक गायत्री राजे पवार भी पहुंचीं। उन्होंने शिविर का अवलोकन कर आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं, डॉ. आकाश प्रताप सिंह एवं चिकित्सकीय टीम से मुलाकात की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था के संस्थापक इंजी. यतिश श्रीवास्तव ने कहा कि श्री राम भक्त परिवार धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जनसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

0 Comments