सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बना शास. माध्यमिक विद्यालय,,
देवास। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनचेतना जागृत करने के उद्देश्य से मिशन लाइफ (इको क्लब) के अंतर्गत देवास जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बीजेपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार ने पहल करते हुए परिसर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रमिला डावर ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक मिट्टी और पानी को दूषित करने के साथ ही मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। कुछ मिनट की सुविधा के लिए आने वाली पीढ़ियों का भविष्य दांव पर नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक एवं पर्यावरण अनुकूल स्टील की बोतलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। अभियान को धरातल पर उतारने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक किशोर कनासे एवं आशा तिलोदिया ने स्वयं के व्यय से पर्यावरण अनुकूल स्टील की उत्कृष्ट बोतलें खरीदीं और मुख्य अतिथि प्रमिला डावर के सानिध्य में विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप वितरित कीं। इस पहल की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने प्रशंसा की। इस अवसर पर जन शिक्षक मुकेश तिवारी एवं रिसोर्स पर्सन गोपाल गुप्ता भी उपस्थित रहे। मुकेश तिवारी ने कहा कि समाज को केवल उपदेश देने के बजाय स्वयं आचरण कर सकारात्मक एवं अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। कार्यक्रम में विजय विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को विद्यालय का आजीवन पर्यावरण मित्र बने रहने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0 Comments