सदानंद यादव के अखिल भारतीय महामंत्री बनने पर देवास में किया स्वागत
देवास। भारतीय करेंसी एवं कॉइन कर्मचारी महासंघ का 9वां त्रैवार्षिक अधिवेशन हाल ही में नर्मदापुरम में संपन्न हुआ। अधिवेशन में बैंक नोट प्रेस कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सदानंद यादव को भारतीय करेंसी एवं कॉइन कर्मचारी महासंघ का अखिल भारतीय महामंत्री चुना गया। उनकी इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर देवास में मजदूर कार्यालय पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। मप्र कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ के प्रदेश महामंत्री लोकेश विजयवर्गीय, भामसं जिलाध्यक्ष धनंजय गायकवाड़, भारतीय जनता निर्माण श्रमिक संघ भोपाल के प्रदेश महामंत्री माखन सिंह धाकड़ एवं श्रीराम कुमावत ने सदानंद यादव का मां चामुंडा की चुनरी पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भामसं जिलाध्यक्ष धनंजय गायकवाड़ ने कहा कि देश की 10 इकाइयों में करेंसी, कॉइन, पेपर एवं नोटों की छपाई से संबंधित कार्य किए जाते हैं। इन इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अब सदानंद यादव को मिली है। देवास के सदानंद यादव का अखिल भारतीय महामंत्री बनना भारतीय मजदूर संघ एवं देवास के लिए गौरव की बात है। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 Comments