सेंट्रल इण्डिया एकेडमी को शिक्षक प्रशिक्षण के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए बेस्ट स्कूल अवार्ड
देवास:सेंट्रल इण्डिया एकेडमी के लिए यह गौरव का क्षण है कि विद्यालय को शिक्षक प्रशिक्षण के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्कूल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीता सिंह को शिक्षा एवं शैक्षणिक नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘कौटिल्य अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान इंदौर चैप्टर के 25 उत्कृष्ट प्राचार्यों को प्रदान किया गया।यह दोनों प्रतिष्ठित सम्मान एजुकेटर्स कॉन्क्लेव इंदौर चैप्टर 2026 ‘समावेश’ (SAMAVESH) के दौरान प्रदान किए गए। सीबीएसई के कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन श्री संयम भारद्वाज के करकमलों से सम्मान प्राप्त करना इस उपलब्धि को और भी विशेष एवं गौरवपूर्ण बना गया।इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीता सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय या किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं है, बल्कि सेंट्रल इण्डिया एकेडमी परिवार के प्रत्येक सदस्य के समर्पण, परिश्रम, टीम भावना और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे सम्मान विद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानदंड स्थापित करने के लिए प्रेरित करते हैं।विद्यालय परिवार ने आर्टेमिस एजु सॉल्यूशंस का भी हृदय से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने एजुकेटर्स कॉन्क्लेव – इंदौर चैप्टर 2026 ‘समावेश’ का आयोजन कर शिक्षकों एवं शैक्षणिक नेतृत्व के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया।

0 Comments