सेवा संकल्प सम्मेलन में जुटेंगे 10 हजार कार्यकर्ता, 2 हजार बाइक और 200 ट्रैक्टरों से पहुंचेगा कार्यकर्ता
देवास। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, देवास में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समीक्षा एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर नियमित जिला मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने आगामी 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी।
डॉ. सैंधव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम में 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से लाइव जुड़कर मार्गदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 10 हजार भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि मंडल स्तर से विधानसभा और विधानसभा स्तर से जिला केंद्र तक कार्यकर्ता पहुंचेंगे। जिलेभर से करीब 2 हजार बाइक, 200 ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों के माध्यम से कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचेंगे। हर विधानसभा में इस यात्रा का नेतृत्व संबंधित विधायकगण करेंगे। विधानसभा स्तर से निकलने वाली यात्राएं जिला केंद्र पर पहुंचेंगी।
डॉ. सैंधव ने बताया कि यह यात्रा 7 अक्टूबर को तुकोजीराव पवार स्टेडियम पहुंचेगी। युवा मोर्चा द्वारा भी कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता की जाएगी। प्रत्येक मंडल से युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगभग 50-50 बाइक के साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारण से कार्यकर्ता जुड़ेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। डॉ. सैंधव ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक जुटने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष बहादुर मुकाती, जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजय सिंह पंवार, सभापति रवि जैन, विधानसभा प्रभारी ओम जोशी, महेश पाटीदार, नारायण व्यास, वीरेन्द्र राजावत सहित अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

0 Comments