सेवादल की सद्भावना संकल्प यात्रा 3 अक्टूबर को, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
देवास। गांधी जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली सेवादल की सद्भावना संकल्प यात्रा इस वर्ष 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को निकाली जाएगी। यात्रा को सफल बनाने के लिए सेवादल पदाधिकारियों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। सेवादल के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह दरबार ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर सेवादल द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों से सद्भावना संकल्प यात्रा निकाली जाती है। सेवादल के शहर अध्यक्ष गुलाब सिंह ठाकुर ने बताया कि 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे मीना बाजार स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल से यात्रा प्रारंभ होगी। इसके पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। यात्रा केपी कॉलेज रोड, नाहर दरवाजा, नयापुरा, जनता बैंक चौराहा, शालिनी रोड, सुभाष चौक, नावेल्टी चौराहा, एमजी रोड और तहसील चौराहा होते हुए मल्हार स्मृति मंदिर पहुंचेगी। यहां सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन सहित वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा, यंग ब्रिगेड अध्यक्ष गजानंद तिवारी, सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष संगीता काकरिया एवं कार्यवाहक अध्यक्ष मिनाक्षी जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। सेवादल के प्रदेश सचिव राधाकिशन सोलंकी ने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं साथियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सफेद ड्रेस पहनकर सद्भावना संकल्प यात्रा में शामिल हों और यात्रा को सफल बनाएं।

0 Comments