विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जिला चिकित्सालय देवास में स्वास्थ्य शिविर आयोजित,,
देवास, 10 अक्टूबर 2026 राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 10 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय देवास में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रस्त व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 51 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि वर्तमान समय में कार्यक्षेत्र एवं दैनिक जीवन में बढ़ते मानसिक तनाव का शारीरिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से कार्यालयों में कार्य करने वाले लोगों में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर उचित परामर्श एवं उपचार प्राप्त करना आवश्यक है। उन्होंने स्वयं एवं परिवार के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए संतुलित जीवनशैली अपनाने की अपील की।
जिला चिकित्सालय के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र प्रजापति ने मानसिक रोगों के लक्षण एवं उपचार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तनाव, उदासी, घबराहट, चिंता, क्रोध, चिड़चिड़ापन तथा लोगों से मिलने-जुलने में रुचि कम होना मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में कुछ लोग शराब, गुटखा, बीड़ी एवं सिगरेट का सहारा लेने लगते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उपचार संभव है। ऐसे मरीज जिला चिकित्सालय के मनकक्ष में पहुंचकर जांच, उपचार एवं परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं के समाधान के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 एवं 1800-891-4416 पर 24 घंटे, सातों दिन संपर्क कर सहायता एवं परामर्श प्राप्त किया जा सकता है।
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित जागरूकता सेमिनार में शासकीय नर्सिंग प्रशिक्षण केंद्र देवास की छात्राओं तथा अमलतास कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के चिकित्सक, अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे ।

0 Comments