मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान: नेमावर में सीईओ जिला पंचायत श्री धुर्वे और अपर कलेक्टर श्री जैन ने किया समस्याओं का निराकरण,,
उद्योग संवाद में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने साझा की सफलता की कहानियां; 15 हितग्राहियों को ₹53.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित,,
देवास: आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण अंचल में उद्योग व स्वरोजगार को नई दिशा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को खातेगांव विकासखंड के ग्राम नेमावर में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ के अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे एवं अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन ने ग्रामीणों की समस्याएं और शिकायतें सुनकर मौके पर ही उनका त्वरित निराकरण किया।
उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों से सीधा संवाद
शिविर के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री धुर्वे और अपर कलेक्टर श्री जैन की उपस्थिति में 'उद्योग संवाद' का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे ने कहा कि शासन की मंशानुरूप हम सबका यही साझा प्रयास है कि हमारी स्वयं सहायता समूह की 'लखपति दीदियां' ज्यादा से ज्यादा आगे बढ़ें, नए क्षेत्रों में नवाचार करें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें। इसी उद्देश्य से 'उद्योग संवाद' जैसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की अधिकाधिक बहनें स्वरोजगार अपनाकर पूर्णतः आत्मनिर्भर बन सकें।
संवाद में स्थानीय स्तर पर निवेश को प्रोत्साहन देने, स्वरोजगार के अवसरों के विस्तार तथा कुटीर व लघु उद्योगों के संचालन में आ रही व्यवहारिक कठिनाइयों के समाधान पर गहन विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा संचालित स्व-रोजगार गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण (फ़ूड प्रोसेसिंग) और जैविक खेती से जुड़े व्यवसायों को शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्व-सहायता समूहों की दीदियों ने आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। महिलाओं ने बताया कि किस प्रकार समूह से जुड़ने के बाद उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई और वे आर्थिक रूप से संबल होकर अपने परिवार का आधार बनी हैं। स्थानीय उद्यमियों ने भी शासन से मिले सहयोग और अपने बढ़ते व्यवसाय के अनुभव साझा किए।
15 हितग्राहियों को ₹53.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित
स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यवसाय विस्तार को संबल प्रदान करने के लिए शिविर में बैंकों द्वारा 15 पात्र हितग्राहियों को कुल 53 लाख 41 हजार रुपए के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 10 हितग्राहियों को कुल ₹45.41 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 05 हितग्राहियों को कुल ₹8 लाख के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। शिविर व उद्योग संवाद कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सौम्या जैन, एसडीएम खातेगांव श्री राजेंद्र पवार, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव सक्सेना, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण, बैंक प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Comments