अमलतास में नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों की व्हाइट कोट सेरेमनी,,,
शपथ लेकर लिया सेवा का संकल्प
देवास: अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में नवीन शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए 'व्हाइट कोट सेरेमनी' का गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यू.एस. फॉरेन सर्विस के क्षेत्रीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश व्यास एवं अमलतास ग्रुप के चेयरमैन श्री मयंकराज सिंह भदौरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश व्यास ने कहा कि केवल व्हाइट कोट पहनकर डॉक्टर के पेशे को अपना लेना ही काफी नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बहुत बड़ी मानवीय जिम्मेदारी छिपी होती है। चिकित्सा शिक्षा के दौरान मिलने वाले अनुभव भविष्य में करियर और जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे।
अमलतास मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. ए.के. पीठवा ने स्वागत करते हुए कहा कि एमबीबीएस की पढ़ाई कठिन जरूर है, जिसमें निरंतर कठिन परिश्रम और त्याग की आवश्यकता होती है, लेकिन इसके बदले में समाज से मिलने वाला मान-सम्मान और आशीर्वाद अतुलनीय है।
शपथ सेरेमनी के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को 11-11 के समूह में मंच पर आमंत्रित किया गया, जहां कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापकों ने उन्हें व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा क्षेत्र में स्वागत किया।
इसके पश्चात प्रोफेसर डॉ. ज्योति दवे ने सभी विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे व्हाइट कोट की गरिमा को बनाए रखते हुए अपनी अंतिम सांस तक पीड़ित मानवता की सेवा और रक्षा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा कविता पाठ और सुगम गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इस विशेष क्षण के साक्षी बनने के लिए नवप्रवेशित विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह में अमलतास विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर डॉ. सलिल भार्गव, वाइस चांसलर डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. शरदचन्द्र वानखेड़े, डॉ. एस.के. नेमा, डॉ. प्रशांत, श्री देवेन्द्र दुबे, अदिति दुबे, श्री अश्विन तंवर सहित समस्त संकाय सदस्य एवं चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे और सभी ने नए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

0 Comments