इनोवेटिव स्कूल में ‘कानून जानो, बचपन बचाओ’ शिविर, न्यायाधीशों ने बच्चों को दिए सुरक्षा के मंत्र
देवास: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में इनोवेटिव पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री कपिल मेहता, विशेष अतिथि जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री नरेंद्र पटेल तथा जिला न्यायाधीश श्री अभिषेक गौड़ उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत चंद्रपाल सिंह सोलंकी, सचिव जिला अभिभाषक संघ देवास, प्राचार्य सय्यद मकसूद अली और उपप्राचार्य शबीना सय्यद ने किया। अतिथि परिचय एवं स्वागत भाषण चंद्रपाल सिंह सोलंकी ने दिया।
मुख्य अतिथि श्री कपिल मेहता ने कहा कि बच्चों का सुरक्षित बचपन समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर बच्चे को भयमुक्त वातावरण, शिक्षा और सम्मान के साथ जीने का अधिकार है। शोषण या अनुचित व्यवहार पर बिना संकोच अभिभावकों, शिक्षकों और अधिकारियों को बताएं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय कर फोकस करने और मोबाइल का उपयोग ज्ञान बढ़ाने में करने की सलाह दी।
श्री नरेंद्र पटेल ने पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, बाल श्रम, साइबर अपराध और बच्चों के विरुद्ध शोषण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता से ही बच्चों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
श्री अभिषेक गौड़ ने कहा कि कानून की जानकारी ही अपराधों से बचाती है। उन्होंने साइबर अपराध, अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और आपातकालीन सहायता नंबरों के बारे में बताया।
अंत में अतिथियों को सय्यद मकसूद अली, मिर्जा मुशब्बीर बैग एवं सदाकत अली ने स्मृति स्वरूप पौधे भेंट किए। संचालन सय्यद सदाकत अली ने किया और आभार सय्यद मकसूद अली ने माना।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा अधिकारी दिलीप सिंह मुजालदा, मयंक यादव सहित विद्यालय का स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

0 Comments