फाग यात्रा निकलते ही नगर निगम ने करवाई सफाई
- जवाहर चौक से सयाजी द्वार तक सड़कों की हुई सफाई
देवास। रंगपंचमी पर शहर में फाग यात्रा निकाली गई। फाग यात्रा के बाद नगर निगम की टीम ने सक्रियता से यात्रा मार्ग पर सफाई की और सड़कों को पहले जैसा साफ किया। रंग हटाने के लिए झाड़ू लगाई और आवश्यकता होने पर पानी से भी सड़कों को धोया गया। यात्रा मार्ग पर सफाई के निर्देश नगर निगम आयुक्त रजनीश कसेरा ने ननि स्वास्थ्य विभाग अधिकारी जितेंद्र सिसौदिया को दिए थे। निर्देशों का पालन करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फाग यात्रा के समाप्त होते ही सफाई कार्य शुरू कर दिया था। नगर निगम के स्वास्थ्य निरीक्षक भूषण पंवार ने बताया नगर निगम की सफाई मित्रों ने जवाहर चौक से सयाजी द्वार तक सफाई की। फाग यात्रा के मार्ग पर जो रंग-गुलाल सड़कों पर फैला था, उसे साफ किया। मार्ग पर डिस्पोजल, रंगों की पन्नियों सहित अन्य सामग्री को हटाया। सफाई होने से सड़कें पहले जैसी साफ नजर आ रही है। स्वास्थ्य निरीक्षक श्री पंवार ने बताया कि नगर निगम की टीम स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत लगातार सफाई का कार्य कर रही है। फाग यात्रा मार्ग के अलावा भी शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर ननि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफाई कार्य किया।
0 Comments