प्रमोशन पर यातायात विभाग के एडीशनल एसपी एचएन बाथम का किया स्वागत
- नगर सुरक्षा समिति ने आगामी नवरात्रि पर्व सहित शहर की यातायात व्यवस्था पर भी की चर्चा
देवास। नगर सुरक्षा समिति ने यातायात विभाग के एडीशनल एसपी एचनएन बॉथम से मुलाकात की। उनका हाल ही में एडिशनल एसपी के रूप में प्रमोशन होने पर शॉल-श्रीफल व पुष्पहार से सम्मान किया। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की। आगामी नवरात्रि त्योहार पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग के लिए आश्वासित किया।
इस अवसर पर समिति के अनिलसिंह बैस ने कहा, कि शहर की यातायात व्यवस्था में पूर्ण रूप से सुधार के लिए नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक होता है। नगर सुरक्षा समिति पुलिस का अभिन्न अंग है। हमारी भूमिका पुलिस की सहयोगी टीम के रूप में है। हम नवरात्रि सहित धार्मिक जुलूस आदि भी पुलिस को सहयोग करते आ रहे हैं। हम आगे भी इसी प्रकार से सहयोग का आश्वासन देते हैं। श्री बैस ने यातायात व्यवस्था को लेकर बताया, कि मैजिक वाहनों के कारण शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ती है। ये वाहन कहीं पर भी खड़े हो जाते हैं, यात्रियों से अभद्र बर्ताव भी करते हैं। विभाग द्वारा मैजिक वाहन संचालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क कर सवारी बैठाने के लिए निर्देशित किया जाए।श्री बाथम ने कहा, कि हम शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इंदौर की ओर जाने वाली बसें सिविल लाइन एबी रोड पर खड़ी होती थी। इससे यातायात अवरूद्ध होता था। हमने यहां डिवाइडर बना दिए हैं। एक ओर से यातायात सुगम चलता रहेगा और जिन्हें सिविल लाइन की ओर जाना हो, वे एक ओर से सिविल लाइन की ओर जा सकेंगे। उन्होंने कहा, कि मैजिक वाहन और ई-रिक्शा चलाने वालों को भी यातायात नियमों का पालन करना होगा। जो नियमों का पालन नहीं करेगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी। शहर के अंदर तेज गति में वाहन चलाने और कट मारकर निकलने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, कि मेरा समिति सदस्यों से आग्रह है कि यातायात जागरूकता के लिए अधिक से अधिक प्रयास करें और यातायात विभाग को सहयोग प्रदान करें। यातायात नियमों का पालन करने से ही यातायात व्यवस्था में पूर्ण सुधार हो सकेगा।
0 Comments