ईश्वर की भक्ति से मन का मंथन करें, अमृत मिलेगा- स्वामी रामनारायणजी
कथा के दौरान मां चामुंडा सेवा समिति ने स्वामी रामनारायण जी का किया स्वागत
देवास। श्री राम द्वारा में चल रही सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के दौरान मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा समिति संयोजक समाजसेवी रामेश्वर जलोदिया के मुख्य आतिथ्य में कथा वाचक स्वामी रामनारायण जी का समिति के नरेंद्र मिश्रा, नारायण व्यास, उम्मेद सिंह राठौड़, दिनेश सांवलिया, अभिषेक अवस्थी द्वारा शाल, श्रीफल व पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। महंत स्वामी रामनारायण जी महाराज ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि ईश्वर की भक्ति से मन का मंथन करें। हमेशा अमृत ही मिलेगा ।उन्होंने समुद्र मंथन प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि जीवन में सुख-दुख आते जाते रहते हैं ।हमेशा ईश्वर की भक्ति में रहते हुए अपने कर्म का पालन करते रहना चाहिए।कथा में वामन अवतार उल्लास पूर्वक मनाया गया। छोटे बालक को वामन भगवान का अवतार देकर उनकी पूजा अर्चना की गई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने कद से नहीं बल्कि अपनी अज्ञानता से छोटा होता है। हमेशा ज्ञान का सम्मान करना चाहिए।
समुद्र मंथन से निकले 14 वस्तुओं का विस्तृत वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में भी इसी प्रकार मंथन होता रहता है। बारी-बारी से हमें सुख दुख मिलते रहते हैं। लेकिन जो व्यक्ति भागवत कथा को श्रवण कर ईश्वर पर भरोसा और श्रद्धा रखता है। वह कभी निराश नहीं होता। सोमवार को कृष्ण जन्म अवतार मनाया जाएगा। कथा का समय दोपहर एक से पांच रखा गया है। सैकड़ो धर्म प्रेमियों ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया।

0 Comments