बस संचालकों का सरकार को अल्टीमेटम
- नई नीति वापस नहीं हुई तो 2 मार्च से होंगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
देवास। प्राईम रूट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन द्वारा स्टेज कैरिज बसों के संचालन को लेकर लागू की जा रही नई नीति के विरोध में जिला कलेक्टर कार्यालय में मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन अध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र सिंह बैस ने बताया बस संचालकों ने नई नीति को दमनकारी बताते हुए 2 मार्च 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। एसोसिएशन द्वारा बताया गया कि 22 फरवरी 2026 को देवास में प्रदेशभर के बस मालिकों एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्टेज कैरिज बसों के संचालन संबंधी नई नीति से प्रदेश के समस्त बस मालिक आहत हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि इस संबंध में बस संचालक कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रख चुके हैं, किंतु अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। ऐसे में यदि शासन द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 2 मार्च 2026 से प्रदेश के समस्त यात्री बस संचालक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि हड़ताल के कारण आम जनता को होने वाली असुविधा की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी। प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं 24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन के प्रारूप को तत्काल वापस लिया जाए अथवा निरस्त किया जाए। 29 जनवरी 2026 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन को पूर्ण रूप से समाप्त किया जाए। वर्तमान में प्रदेश में जिस व्यवस्था के अंतर्गत बस संचालन किया जा रहा है, उसे यथावत बनाए रखा जाए। बस ऑपरेटर्स ने शासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि प्रदेश में यातायात व्यवस्था बाधित न हो। इस दौरान धर्मेंद्र सिंह चौहान, देवेंद्र सिंह चौहान, मोहन दादा, रमेश गुर्जर, अजय पटेल, महेंद्र व्यास, गुलजार खान, अफसर राणा, मयंक गुर्जर, लोकेन्द्र दायमा, राजेंद्र पहाड़िया, अजय गुर्जर, राजू जयसवाल, शिवम गुर्जर, अशफाक शेख, इमरान, सोहर, अनिल जोशी, भोलू, शरीफ भाई, अनीश भाई, मनीष जायसवाल, अनिल गोस्वामी, नरेंद्र ठाकुर, हमिद भाई सहित बड़ी संख्या में बस ऑपरेटर उपस्थित थे।

0 Comments