देवास जिले में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त जिला चार्ज स्तर के अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
-------------
देवास 19 फरवरी 2026 [शकील कादरी] देवास जिले में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त जिला चार्ज स्तर के अधिकारियों को कलेक्टर कार्यालय में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को भारत की जनगणना के संबंध में संक्षिप्त परिचय एवं नीति निर्माण सहित जनगणना के मुख्य बिंदुओं एवं प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षणकर्ता अधिकारियों द्वारा चार्ज जनगणना अधिकारियों को प्रक्रिया में आंकड़ों की सटीकता के महत्व आदि की जानकारी से विस्तार पूर्वक प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के दौरान डेटा संग्रह और उसके जांच की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में आंकड़ा संग्रहण करने, घर-घर जाकर स्वयं के मोबाइल फोन में एप के माध्यम से जानकारी एकत्रित करना तथा स्वगणना (एसई) पोर्टल के माध्यम से जानकारी का एकत्रीकरण किए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में अधिकारियों को मोबाइल एप के उपयोग, मकान सूचीकरण, एचएलबी का लेआउट तैयार करना, एचएलओ एप के माध्यम से डाटा एकत्रित करना सहित पूर्ण कवरेज सुनिश्चित करने जैसे घटकों की जानकारी दी गई।
जनगणना निदेशालय मध्य प्रदेश से विशेष रूप से उपसंचालक श्री राजेश मौर्य, श्री संदीप घोरे तथा सुश्री सोनिका गर्ग द्वारा जनगणना कार्य के संबंध में जानकारी दी कि जनगणना कार्य का प्रथम चरण 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रथम चरण के रूप में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशंस (HLO) किया जाएगा। यह कार्य पूर्णतः एचएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संपन्न होगा। प्रशिक्षण में पीपीटी के माध्यम से हाउस लिस्टिंग की प्रक्रिया, ऐप का उपयोग एवं संबंधित दिशा-निर्देश विस्तार से समझाए गए।
इस दौरान बताया गया कि प्रगणक एवं पर्यवेक्षक द्वारा घर-घर दस्तक देकर शासन द्वारा अधिसूचित प्रश्नावली के अनुसार जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं, धारित परिसंपत्ति तथा अन्य संबंधित जानकारी शामिल है। यह प्रशिक्षण जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं डिजिटल रूप से संपन्न कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सभी संबंधित अधिकारी/कर्मचारी/प्रशिक्षक पूर्ण निष्ठा एवं सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री दलीप कुमार , अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, जनगणना निदेशालय मध्य प्रदेश से उपसंचालक श्री राजेश मौर्य, श्री संदीप घोरे तथा सुश्री सोनिका गर्ग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 Comments