Header Ads Widget

Responsive Advertisement

Recent Updates

6/recent/ticker-posts

मध्यप्रदेश का बजट समृद्ध, सुदृढ़ और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : मंत्री तुलसी सिलावट,,हर वर्ग के कल्याण और विकास को समर्पित है बजट : रायसिंह सेंधव

मध्यप्रदेश का बजट समृद्ध, सुदृढ़ और आत्मनिर्भर प्रदेश के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम : मंत्री तुलसी सिलावट,,

हर वर्ग के कल्याण और विकास को समर्पित है बजट : रायसिंह सेंधव

देवास [शकील कादरी] मध्यप्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी, जिला देवास द्वारा दिनांक 27 फरवरी 2026 को दोपहर 02 बजे होटल रामाश्रय, देवास में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने संबोधित किया।

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का बजट प्रदेश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। यह बजट प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी और आधारभूत संरचना के विस्तार से मध्यप्रदेश को विकसित एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़े पैमाने पर प्रावधान किए गए हैं। नदी जोड़ो परियोजना, नहरों के विस्तार और नई सिंचाई योजनाओं से प्रदेश के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा। फसल बीमा योजना के लिए पर्याप्त राशि निर्धारित की गई है, जिससे प्राकृतिक आपदा की स्थिति में किसानों को राहत मिल सके। साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

सिलावट ने बताया कि ग्रामीण विकास को गति देने के लिए सड़कों के निर्माण, बिजली आपूर्ति सुदृढ़ करने और पेयजल योजनाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर बजट प्रावधान किया गया है, जिससे जिला एवं ग्रामीण स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं मजबूत होंगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि यह बजट समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं में हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कार्यरत महिलाओं के लिए छात्रावास, सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार हेतु ऋण योजनाओं में विशेष प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नए विद्यालयों की स्थापना, आंगनवाड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराने जैसे कदम उठाए गए हैं। शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई बस सेवाओं की शुरुआत की जा रही है। सेंधव ने आगे कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के कल्याण हेतु बजट में उल्लेखनीय वृद्धि कर सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की प्रतिबद्धता को दोहराया गया है। पूंजीगत व्यय में वृद्धि से अधोसंरचना विकास को गति मिलेगी, जिससे प्रदेश में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रेस वार्ता में उपस्थित पत्रकारों के प्रश्नों का मंत्री तुलसी सिलावट एवं जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया और बजट की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी। इस अवसर पर जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजयसिंह पंवार, जिला सह मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला भी उपस्थित रहे।

 


Post a Comment

0 Comments

Join Our WhatsApp Group? for latest and breaking news updates...
Click here to join the group...