फेंसिंग प्लेयर अरहम मंसूरी का सम्मान,
अल-हिरा पब्लिक स्कूल में समारोह आयोजित
देवास। अल-हिरा पब्लिक स्कूल में वार्ड पार्षद फातमा रफीक खान द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर फेंसिंग प्लेयर अरहम मंसूरी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर इन्दौर फेंसिंग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन की ओर से स्कूल के प्रिंसिपल याक़ूब मेमन को एसोसिएशन के सचिव मास्टर सईद आलम ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अरहम मंसूरी, अल-हिरा पब्लिक स्कूल की कक्षा आठवीं के छात्र हैं। उन्होंने हाल ही में खेलो एम पी यूथ गेम्स में फेंसिंग (तलवारबाजी) खेल में इंदौर संभाग का प्रतिनिधित्व किया। अरहम की माता नीलोफर मंसूरी एम.ए. शिक्षित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। उनके नाना इनामुलहक बैंक से सेवानिवृत्त हैं तथा नानी हमिदा बानो गृहिणी हैं। बड़े मामा परवेज मंसूरी लकड़ी व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि छोटे मामा इरफान मंसूरी पिरामल फाइनेंस लिमिटेड में सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष आर्य ने कहा कि प्रिंसिपल याक़ूब मेमन का खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसी कारण स्कूल के अधिकाधिक खिलाड़ी खेलो एमपी यूथ गेम्स में शामिल हो सके। अभिभावकों का सम्मान कर उन्हें भी प्रेरित किया गया। मास्टर सईद आलम ने जानकारी दी कि अल-हिरा पब्लिक स्कूल में पहली बार फेंसिंग खेल में इंटर-हाउस चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें इंटर-स्कूल ओपन फेंसिंग प्रतियोगिता में भाग दिलाया जाएगा। यह शहर का पहला स्कूल होगा जहां इंटर-हाउस फेंसिंग तलवारबाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मुख्य अतिथि रफीक खान ने अपने संबोधन में कहा कि अल-हिरा पब्लिक स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम का संचालन जावेद खान ने किया तथा अंत में सोफिया ने आभार व्यक्त किया।

0 Comments