8 मार्च को रंगपंचमी पर निकलेगी श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा, वृहद बैठक संपन्न
देवास। सामाजिक समरसता मंच के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 8 मार्च 2026, रविवार (रंगपंचमी) को श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसी निमित्त 27 फरवरी 2026 को सभी समाजों के प्रमुखों, कार्यकर्ताओं एवं मातृशक्ति की वृहद बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंचासीन अतिथियों में श्री विमल जी अग्रवाल (देवास जिला माननीय संघचालक), श्री कन्हैयालाल जी विश्वकर्मा (देवास विभाग समरसता सह-संयोजक), अमरदेव ठाकुर (देवास जिला समरसता संयोजक) एवं रामपदारथ मिश्र (सामाजिक समरसता मंच जिला प्रमुख) उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य वक्ता कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत उत्सवों का देश है और हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा स्थापित सभी त्योहार पूर्णतः वैज्ञानिक आधार पर आधारित हैं। वर्तमान समय में हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति एवं त्योहारों से जोड़ना चाहिए। आज विश्व भारत की परंपरा, संस्कृति और संस्कारों को अपनाने की ओर अग्रसर है, ऐसे में हमें स्वयं अपने उत्सवों को पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ मनाना चाहिए।
श्री रामपदारथ जी मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा जवाहर चौक (चित्तौड़गढ़ महाराणा प्रताप) से प्रारंभ होकर नयापुरा, जनता बैंक चौराहा एवं सुभाष चौक से होते हुए सायाजी द्वार (संत शिरोमणि रविदास कुटी, काशी धाम) पर समापन होगी। यात्रा में भगोरिया एवं पंजाबी भांगड़ा टोली विशेष आकर्षण रहेंगे। बैठक में उपस्थित विभिन्न सामाजिक संगठनों, समाज प्रमुखों एवं मातृशक्ति द्वारा यात्रा के सफल आयोजन हेतु अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री अमित राव पवार ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री राहुल सलूजा ने व्यक्त किया।

0 Comments