जिला जेल देवास में मुख्य प्रहरी ओमप्रकाश दुबे सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई
देवास। जिला जेल में पदस्थ मुख्य प्रहरी ओमप्रकाश दुबे को शनिवार को शासकीय सेवा से विधिवत सेवानिवृत्त किया गया। इस अवसर पर जिला जेल परिसर में एक सादगीपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। श्री दुबे ने अपने दीर्घ सेवाकाल के दौरान निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया। जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने तथा अनुशासन बनाए रखने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके सौम्य व्यवहार, अनुशासनप्रियता एवं समर्पण भावना के कारण वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सदैव सम्मानित रहे।
समारोह में जेल अधीक्षक विद्याभूषण प्रसाद ने श्री दुबे के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। जेल उपअधीक्षक अनिल दुबे सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा की और उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में श्री दुबे को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। जिला जेल प्रशासन, देवास ने उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

0 Comments