देवास। जिला अभिभाषक संघ देवास द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। 8 मार्च को अवकाश होने के कारण यह कार्यक्रम 10 मार्च 2026 को संघ के सभा कक्ष में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अभिभाषक राजेन्द्र बापट मुख्य अतिथि एवं सुरेश चौधरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत संघ अध्यक्ष अशोक वर्मा ने किया। अपने उद्बोधन में अध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। न्याय व्यवस्था मैं देश में उच्च न्यायालय दिल्ली सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो समाज के विकास और सशक्तिकरण का प्रतीक है। मुख्य अतिथि राजेन्द्र बापट ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि कानून के क्षेत्र में भी महिला अधिवक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और वे अपनी प्रतिभा से न्याय व्यवस्था को मजबूत बना रही हैं। उन्होंने महिला अधिवक्ताओं को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। विशेष अतिथि सुरेश चौधरी ने कहा कि महिला दिवस हमें यह संदेश देता है कि समाज में महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। कार्यक्रम के दौरान महिला अधिवक्ताओं का सम्मान भी किया गया और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर संघ सचिव अतुल कुमार पंड्या,महिला उपाध्यक्ष गीता शर्मा, उपाध्यक्ष पंकज पंड्या पुस्तकालय सचिव श्वेतांक राज शुक्ला,सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभिभाषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गरिमा श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में कोषाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह तोमर ने आभार व्यक्त किया।

0 Comments