विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
देवास। राज्य कर्मचारी बीमा निगम के देवास उज्जैन रोड स्थित चिकित्सालय में विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक डॉ. एल.एन. घंगोरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में इंटक के जिला अध्यक्ष महेश राजपूत सहित डॉ. राजू सराफ, डॉ. नटवर शारदा, रविंद्र कुमार कश्यप, डॉ. रेखांक्षा जैन एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिनिधि दिलीप शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में अस्पताल से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर खुलकर चर्चा की गई। जिसमें स्वीकृत 25 डॉक्टरों के स्थान पर केवल 9 डॉक्टरों से कार्य संचालित हो रहा है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। अस्पताल में चौकीदारों की कमी बनी हुई है। एक्स-रे मशीन, सोनोग्राफी मशीन एवं एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। गर्मी के मौसम में भी कूलर और वाटर कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। वर्तमान में मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करना पड़ रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी हो रही है आदि पर चर्चा की गई। बैठक में महेश राजपूत ने विशेष रूप से मुद्दा उठाते हुए कहा कि देवास में 300 से अधिक छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं, जिनमें हजारों मजदूर कार्यरत हैं। ऐसे में इस अस्पताल की सुविधाओं का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राज्य शासन से इस दिशा में त्वरित ध्यान देने की मांग की। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो श्रमिक हित में धरना-प्रदर्शन एवं व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

0 Comments