भाजपा स्थापना दिवस पर देवास में भव्य आयोजन,,
देवास। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय देवास में उत्साह, उमंग और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से पूरा परिसर भाजपा के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव द्वारा पार्टी ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। देशभक्ति गीतों और नारों से पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्चुअल माध्यम से एलईडी के जरिए जुड़े। दोनों नेताओं ने प्रदेश के 17 भाजपा जिला कार्यालयों के भूमि पूजन कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए संगठन विस्तार के संकल्प को दोहराया। जिला कार्यालय को आकर्षक रूप से सजाया गया था। मातृशक्ति द्वारा बनाई गई सुंदर रंगोली सभी के आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियों एवं संगठन की विचारधारा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक देखा। सअपने संबोधन में जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और अनुशासन के बल पर ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही देवास में नवीन भाजपा जिला कार्यालय निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले की 1549 बूथ समितियों पर भी ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी के इतिहास, विचारधारा एवं विकास यात्रा पर चर्चा की गई, जिसमें हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्षों सहित भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, मनीष सोलंकी, विजय सिंह पवार, गोतमसिंह राजपूत, महेश चौहान, संजय दायमा, मनोहर सिंह पवार, सचिन जोशी, मंडल अध्यक्ष मधु शर्मा, जुगनू गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

0 Comments