सफर-ए-हज 2026 की तैयारियों के
देवास। आगामी मुकद्दस सफर-ए-हज 2026 की तैयारियों के सिलसिले में बीएनपी रोड स्थित राजा परिसर गार्डन में जिला हज कमेटी की जानिब से एक अहम हज तरबियती कैंप (प्रशिक्षण शिविर) का इनक़ाद किया गया। इस साल देवास जिले से कुल 363 खुशनसीब ज़ायरीन हज की सआदत हासिल करने रवाना होंगे।
डिजिटल प्रेजेंटेशन और अरकान-ए-हज की तफ़सीलात
कैंप में ज़िला हज ट्रेनर एजाज़ नागोरी ने तमाम 363 हाजियों को हज और उमराह के तमाम अरकान और उनके अदा करने के सही तरीके तफ़सील से समझाए। विशेष रूप से प्रशिक्षण के दौरान वीडियो और डिजिटल प्रेजेंटेशन का सहारा लिया गया, जिसके ज़रिए एजाज़ नागोरी ने मीना के रोड और ब्रिज मीना की गलियों, रास्तों और पुलों की मुकम्मल जानकारी दी। मशायर की तफ़सीलात अराफ़ात, मुज़दलिफ़ा और मीना (मशायर) के तमाम अहम मुक़ामात और वहाँ की जाने वाली इबादतों को वीडियो के ज़रिए प्रैक्टिकल अंदाज़ में समझाया। उन्होंने ज़ायरीन को मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा में कयाम के दौरान बरती जाने वाली एहतियात, सेहत का ख्याल रखने और सफर के दौरान नज़्म-ओ-ज़ब्त बनाए रखने की ज़रूरी हिदायात दीं।
सरपरस्ती और ज़ेरे-निगरानी
इस मुक़द्दस प्रोग्राम की सरपरस्ती मौलाना ज़फीरुद्दीन नदवी ने फ़रमाई। प्रोग्राम को बा-अदब और मुनज़्म तरीके से मुकम्मल करने में ज़िला हज ट्रेनर एजाज़ नागोरी के हमराह डॉ. शाहिद नागोरी और अंशाल खान का नुमाया ताव्वुन रहा।
अकीदतमंदों का इज़हार-ए-तशक्कुर
बड़ी तादाद में मौजूद हज यात्रियों और उनके अहले-खाना ने जिला हज कमेटी की इस मुख़्लिस कोशिश की ज़बरदस्त सराहना की। ज़ायरीन ने कहा कि वीडियो के ज़रिए रास्तों और मुक़ामात को समझने से उन्हें सफर के दौरान काफ़ी सहूलियत मयस्सर होगी। प्रोग्राम के आखिर में तमाम मददगारों का शुक्रिया अदा किया गया।

0 Comments