देवास। जल संचय अभियान को लेकर आयुक्त दलीप कुमार के निर्देशन में निगम उपायुक्त आरती खेड़ेकर एवं कार्यपालन यंत्री इंदुप्रभा भारती ने निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों के साथ बैठक आहूत की। बैठक में लक्ष्य के अनुरूप रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाये जाने के लिए उपयंत्रियों को अपने वार्ड क्षेत्र में प्रतिदिन 10 सिस्टम लगाये जाने हेतु 2 दिवस में कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
प्लान तैयार कर कार्य आरंभ करें
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कार्य योजना तैयार करने के पश्चात वार्डों में रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाये जाने का कार्य तत्काल आरंभ किया जाए। सिस्टम किस प्रकार से लगाया जाना है, इस हेतु टेक्निकल हाईड्रोजीओलाजिस्ट कमलेश बिरला एवं जिओलाजिस्ट अनिल जायसवाल के द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।
जनभागीदारी से करें जल का संचय
उपायुक्त श्रीमती खेड़ेकर ने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि यह एक अभियान है। इस अभियान में पूरी लगन से जनभागीदारी के माध्यम से कार्य करना है तथा नागरिकों में जागरूकता लाने के साथ आने वाली पीढ़ी के लिए जल का संचय करें।
एफडीआर राशि से लगवाएं सिस्टम
कार्यपालन यंत्री सुश्री भारती ने बताया कि जिन नागरिकों ने भवन निर्माण की निगम से स्वीकृति ली है, उन नागरिकों के द्वारा स्वीकृति के साथ ही रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की एफडीआर के रूप में राशि जमा कराई जाती है। एफडीआर की राशि के माध्यम से सिस्टम लगाये जाने के लिए नागरिकों को समझाइश देकर कार्य करवाएं।
निगम से अधिकृत आर्किटेक्ट का लें सहयोग
कार्यालय अधीक्षक रणजीतसिंह पंजाबी ने कहा कि जिन नागरिकों की अनुज्ञा के साथ एफडीआर जमा है, वे स्वयं सिस्टम लगवा सकते हैं। इसमें निगम से अधिकृत आर्किटेक्ट का सहयोग भी लिया जाना होगा।

0 Comments