खाटू श्याम मंदिर में बाबा का अलौकिक श्रृंगार, भक्तों का लगा रहा तांता
देवास। अमृत नगर स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में मोहिनी एकादशी पर भक्तिभाव और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में खाटू श्याम बाबा का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार उज्जैन से आए सुगंधित फूलों से किया गया, जिसने पूरे परिसर को दिव्यता से भर दिया। विधि-विधान के साथ बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर उन्हें 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग आरती के दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित श्याम प्रेमियों ने भक्तिमय वातावरण में अपने आराध्य के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पवित्र ज्योत में आहुति देकर श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। इसके पश्चात बाबा श्याम की भव्य महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें पूरा मंदिर "श्याम नाम" के जयकारों से गूंज उठा। आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर समिति द्वारा सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे सभी भक्तों को सहजता से दर्शन का लाभ मिल सके। इस धार्मिक आयोजन में श्याम शर्मा, ओम प्रकाश बंसल, भरत चौधरी, राजीव खंडेलवाल, प्रदीप साबू, गजेंद्र सोनी, अमित पंडित, विक्रम शर्मा, सुनील कच्छावा, मुकेश चौधरी, आरती तिवारी सहित हजारों श्याम प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में मंदिर समिति द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

0 Comments