देवास। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 4 अप्रैल 2026 को भारतीय स्त्री शक्ति द्वारा दाहिनी स्त्री प्रगति धारा से वसुंधरा तक शीर्षक के अंतर्गत एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यामिनी बाबुलगांवकर रहीं, जो पिछले 22 वर्षों से अपनी संस्था अविरट टेक्नो इंडस्ट्री का सफल संचालन कर रही हैं। उन्होंने न केवल महिला उद्यमियों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है, बल्कि संस्था के निर्माण में आई चुनौतियों और अपने संघर्षपूर्ण सफर को भी सभी के साथ साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी संस्था का भ्रमण भी करवाया, जहाँ सभी महिला उद्यमी उत्साहपूर्वक अपने कार्य में संलग्न दिखाई दीं उनसे बातचीत का अवसर भी प्राप्त हुआ।
विशिष्ट अतिथि पलक राजपूत ने महिलाओं के कृषि जीवन में आने वाली चुनौतियों, विशेषकर जैविक एवं औषधीय खेती के संदर्भ में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने पुरुष-प्रधान समाज में एक महिला कृषक के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
यह कार्यक्रम भारतीय स्त्री शक्ति, मध्य प्रदेश (देवास इकाई) की अध्यक्ष रमा यार्दी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा उपाध्यक्ष नीता सिरपुरकर द्वारा तैयार की गई। सचिव डॉ. दिव्या दुबे ने संस्था का परिचय देते हुए उसके पंचसूत्रों पर प्रकाश डाला। सह-सचिव नीत अरोरा ने महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी उपायों की जानकारी दी, वहीं सह-कोषाध्यक्ष पूनम शर्मा ने महिलाओं के लिए उपलब्ध शासकीय बैंक सुविधाओं एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यकारिणी सदस्य सुमन कुमावत ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में शकुंतला दुबे एवं राखी द्विवेदी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। संचालन रुचिका बरड़े द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया तथा अंत में आभार छाया कानूनगो द्वारा व्यक्त किया गया।

0 Comments