मतदान प्रक्रिया की दी जानकारी, 12 मई को होगा राज्य अधिवक्ता संघ का निर्वाचन,,
निर्वाचन अधिकारी एवं न्यायाधीशों ने अभिभाषकों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
देवास। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता संघ के प्रस्तावित निर्वाचन दिनांक 12 मई 2026 को आयोजित होने जा रहे हैं। निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया तथा उससे जुड़े विभिन्न प्रश्नों एवं समस्याओं के निराकरण हेतु आज अभिभाषक संघ के कक्ष में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निर्वाचन अधिकारी अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री अभिषेक गौड ने उपस्थित अभिभाषकों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय प्रकाश मिश्र ने भी सदस्यों को निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान हेतु आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। यह आयोजन निर्वाचन समिति की अनुशंसा पर अभिभाषक संघ देवास द्वारा आयोजित किया गया था। निर्वाचन समिति के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री राजेंद्र बापट ने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे मतदान के समय अपने सभी आवश्यक परिचय पत्र साथ लेकर आएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सदस्य मतदान इस प्रकार करें कि किसी भी प्रकार से मत निरस्त न हो तथा संभव हो तो सभी अधिवक्ता कोर्ट ड्रेस में उपस्थित हों। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी सदस्यों को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कार्यक्रम में न्यायाधीशगण की उपस्थिति के लिए सभी सदस्यों की ओर से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन निर्वाचन समिति के श्री रघुवर यार्दी द्वारा किया गया। इस अवसर पर अभिभाषक संघ के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

0 Comments